खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भारतीय जनता पार्टी ने बदला सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बैकग्राउंड पोस्टर, राम मंदिर उद्घाटन की तारीख के साथ लगाई ये तस्वीर

इस नए बैकग्राउंड पोस्टर में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की तस्वीर भी लगाई गई है और साथ ही हाथ जोड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर आ रहे हैं. बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा भी इस पोस्टर में नजर आ रहे हैं…

नईदिल्ली (ए)। बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के बैकग्राउंड पोस्टर को बदल दिया है. पार्टी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख 22 जनवरी 2024 और अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की तस्वीर को अपना नया बैकग्राउंड पोस्टर बना लिया है। बीजेपी के सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म्स पर लगाए गए नए बैकग्राउंड पोस्टर में ‘जय श्रीराम’ के नारे के साथ अयोध्या के राम मंदिर में होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तारीख ’22 जनवरी 2024′ लिखी हुई है।

नए बैकग्राउंड पोस्टर में क्या है?
इस नए बैकग्राउंड पोस्टर में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की तस्वीर भी लगाई गई है और साथ ही हाथ जोड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर आ रहे हैं. बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा भी इस पोस्टर में नजर आ रहे हैं।

पीएम मोदी कब जाएंगे
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 जनवरी, 2024 को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्री रामलला सरकार के श्री विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे. प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर देश के 4,000 संत-महात्मा एवं समाज के 2,500 प्रतिष्ठित महानुभाव उपस्थित रहेंगे. संघ प्रमुख मोहन भागवत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बता दें कि भगवान श्री राम की जन्‍म स्‍थली अयोध्या में बनाये जा रहे भव्य राम मंदिर में अगले वर्ष 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. इसको देखते हुए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘टेंट सिटी’ का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें 80 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी।

देश-विदेश से लाखों लोगों के अयोध्या पहुंचने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से विभिन्न स्थानों पर टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है. इनमें ठहरने और भोजन की उत्तम व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button