खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

वैष्णो देवी आने वाले भक्तों के लिए बढ़ने वाला है बैटरी कार का किराया, 1 जुलाई से करना होगा इतना खर्च?

एक जुलाई से श्राइन बोर्ड अर्द्धकुंवारी से भवन और भवन से अर्द्धकुंवारी मार्ग पर चलने वाली बैटरी कार का किराया बढ़ाने की तैयारी में है…

कटरा (ए)। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बैटरी कार के लिए और जेब ढीली करनी पड़ेगी। एक जुलाई से श्राइन बोर्ड अर्द्धकुंवारी से भवन और भवन से अर्द्धकुंवारी मार्ग पर चलने वाली बैटरी कार का किराया बढ़ाने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक श्राइन बोर्ड की तरफ से 2009 में बैटरी कार सेवा बीमार लोगों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए चलाई गई थी। उसके बाद से अब इसमें तीसरी बार किराए बढ़ाने की तैयारी है।

शुरूआत में अर्द्धकुंवारी से भवन के लिए 220 रुपये और भवन से अर्द्धकुंवारी के लिए 200 रुपये किराया तय किया गया था। उसके बाद वर्ष 2018 में इसे बढ़ाया गया। इसके तहत अर्द्धकुंवारी से भवन के लिए 354 और भवन से अर्द्धकुंवारी के लिए 236 रुपये किराया किया गया था। अब जुलाई माह से एक बार फिर किराया बढ़ने जा रहा है।

इसमें अर्द्धकुंवारी से भवन के लिए 450 और भवन से अर्द्धकुंवारी के लिए 300 रुपये अदा करने पड़ेंगे। भवन से अर्द्धकुंवारी मार्ग की लंबाई 5.50 किलोमीटर है। सुबह 8 बजे से रात दस बजे तक श्रद्धालुओं की सेवा जारी रहती है। किराया बढ़ाने के साथ ही बैटरी कार में बदलाव भी किया जाएगा।

रखरखाव पर हो रहा ज्यादा खर्च : सीईओ
वहीं सीईओ श्राइन बोर्ड अंशुल गर्ग का कहना है कि 25 के करीब बैटरी कारें मार्ग पर तैनात की गई हैं। महंगाई बढ़ने के साथ ही इनके रखरखाव पर ज्यादा खर्चा होने के कारण किराए में बढ़ोतरी की जा रही है, जो एक जुलाई से 27 प्रतिशत के करीब बढ़ेगा।

साथ ही 30 प्रतिशत बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए ऑनलाइन बुकिंग आरक्षित रहेगी। हालांकि हर किसी श्रद्धालु को बैटरी कार सेवा नहीं मिलती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पिट्ठु घोड़ा सहित पालकी का सहारा लेना पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button