खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

नाइटक्लब में लगी भीषण आग 25 की मौत: पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान

नाइटक्लब में लगी भीषण आग की जांच जारी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि किचन में सिलेंडर में धमाके की वजह से आग तेजी से फैली। मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के आदेश दिेए हैं। हादसे में मरने वालों में अधिकतर नाइटक्लब के कर्मचारी बताए जा रहे हैं…

 

 

गोवा (ए)। नाइटक्लब में लगी आग में मृतकों का आंकड़ा 25 हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है और सीएम प्रमोद सावंत से बात की है। गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइटक्लब बिर्क में देर रात आग लग गई। नाइटक्लब के किचन में सिलेंडर ब्लास्ट के चलते आग लगी और तेजी से फैली, जिसके चलते लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। शुरुआती जांच में पता चला है कि नाइटक्लब में आग से बचाव के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

गोवा पुलिस ने एक बयान में बताया कि उत्तरी गोवा के अरपोरा में बिर्क बाय रोमियो लेन में भीषण आग लगी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में चार पर्यटक है और 14 नाइटक्लब के कर्मचारी और सात की पहचान होना अभी बाकी है। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। हादसे की वजह की जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मिलकर जांच में जुटे हैं।

नाइटक्लब के सिक्योरिटी गार्ड संजय कुमार गुप्ता ने बताया ‘हादसा रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। अचानक से आग लगी, उस वक्त मैं गेट पर था। एक डीजे और डांसर नाइटक्लब में परफॉर्म करने वाले थे, जिसके चलते भारी भीड़ थी।’ एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया ‘जब मैं घर जा रहा था तो मैंने तेज धमाके की आवाज सुनी। बाद में हमने मौके पर एक एंबुलेंस को आते देखा। जब हम घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां हादसा पहले ही हो चुका था।’ एक अन्य सिक्योरिटी गार्ड ने बताया, ‘हमने एक तेज धमाके की आवाज सुनी, बाद में हमें पता चला कि सिलेंडर में धमाके की वजह से आग लगी।’

हादसे के तुरंत बाद सीएम प्रमोद सावंद ने घटनास्थल का दौरा किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीएम ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की दम घुटने से मौत हुई और मरने वाले अधिकतर नाइटक्लब के कर्मचारी हैं।

सीएम ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button