भिलाई 03। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्र अंतर्गत स्थित स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई 3 में निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों के करीब 400 शिक्षकों का सम्मान किया जायेगा।
सम्मान समारोह की जानकारी देते हुए आयोजक एवं निगम महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर निगम क्षेत्र के लगभग 400 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान शिक्षकों के योगदान और उनकी सेवाओं को रेखांकित करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे, कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा करेंगे। विशेष अतिथि निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर, समाजसेवी सुजीत बघेल एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष धनेश्वरी साहू होंगी। कार्यक्रम शनिवार 5 सितम्बर, दोपहर एक बजे से प्रारंभ होगा।









































