भिलाई 03। डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया उपयोग के साथ साइबर अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसी को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा आपकी जन मित्र अभियान के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर लोगो को जागरूक कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने वार्ड 20 पंचशील नगर के नागरिकों को सायबर ठगी से बचने के उपाय बताए और दो पहिया चालकों को हमेशा हेलमेट पहनने की अपील की है।
सीएसपी प्रशांत पैकरा ने कहा कि फर्जी कॉल, लिंक, QR कोड और OTP शेयरिंग के जरिए बैंक खातों से पैसे उड़ाने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई लोग अनजान लिंक पर क्लिक कर अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं, जिससे साइबर अपराधी उनका डेटा और बैंकिंग जानकारी चुरा लेते हैं।
सीएसपी ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या बैंक डिटेल साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी ऑफर और लॉटरी संदेशों से भी सावधान रहने की जरूरत है। स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में साइबर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि युवाओं और आम नागरिकों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
सीएसपी ने कहा कि मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और नियमित अपडेट जैसी सावधानियां अपनाकर साइबर अपराध से काफी हद तक बचा जा सकता है।
सीएसपी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए साथ ही नशा से संबंधित शिकायत 1933 और यातायात संबंधित शिकायत होने पर 1033 पर कॉल कर सकते है।


















