BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

नगर निगम भिलाई-चरौदा की नीलामी रही उम्मीद से तिगुना, ट्रांसपोर्ट नगर के 58 भूखंडों पर लगी 15.64 करोड़ की बोली

भिलाई 03। भिलाई के प्रसिद्ध ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नगर निगम द्वारा आयोजित व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी में निवेशकों और व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नीलामी प्रक्रिया के दौरान कई भूखंडों के लिए जोरदार बोली लगी, जिससे नगर निगम को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। सबसे अधिक चर्चा उस प्रमुख व्यवसायिक भूखंड की रही, जो लाखों रुपये की ऊंची बोली पर बिक गया।

नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के सभागार में आयोजित इस नीलामी में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न आकार के कुल 58 व्यवसायिक प्लॉट नीलामी के लिए रखे गए थे, चार दिन के नीलामी प्रक्रिमा में नगर निगम भिलाई-चरौदा को 15.64 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। नीलामी में 135, 54 और 40.5 वर्गमीटर साइज के प्लॉट शामिल थे।

40 बड़े भूखंड और 18 छोटे भूखंड थे, जिसमें बड़े भूखंड का  शासकीय मूल्य 5 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपए थे जबकि 18 छोटे भूखंड का शासकीय मूल्य 68 लाख रुपए था, इससे आगे बढ़कर निगम को शासकीय मूल्य के तीन गुणा 15.64 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त हुआ।

निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर का तेजी से विकसित होता क्षेत्र होने के कारण निवेशकों में इन भूखंडों को लेकर काफी उत्साह देखा गया। कई भूखंडों की कीमतें निर्धारित आधार मूल्य से कहीं अधिक पर पहुंच गईं। नीलामी पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई। बोलीदाताओं ने स्वयं उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिमा में भाग लिया। प्रमुख भूखंड लाखों रुपये में बिकने से नगर निगम को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं क्षेत्र में नए व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के खुलने की संभावना भी बढ़ेगी।

आयुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा। नीलामी में सफल रहे खरीदार जल्द ही अपने व्यावसायिक प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी में जुट गए हैं। निगम महापौर निर्मल कोसरे और आयुक्त डीएस राजपूत ने भूखंड खरीदारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

Related Posts