भिलाई 03। सुशासन तिहार के अंतर्गत आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और मांगों के त्वरित निराकरण को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में निगम आयुक्त ने मंगलवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित आवेदनों और शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बैठक के दौरान निगम आयुक्त ने विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल, सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, आवास और राजस्व से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। साथ ही शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निगम आयुक्त ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका त्वरित समाधान करना है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए निराकरण की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को यह भी कहा गया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर किया जा सकता है, उन्हें तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही गंभीर मामलों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। निगम आयुक्त ने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासन के प्रति विश्वास बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
ज्ञात हो कि सुशासन तिहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखी हैं। निगम प्रशासन का दावा है कि अधिकांश शिकायतों का निराकरण तेजी से किया जा रहा है, जबकि शेष मामलों पर भी कार्रवाई जारी है। निगम द्वारा बुधवार 20 मई को सामुदायिक भवन चरोदा में सुशासन तिहार का तीसरा आयोजन किया जाएगा।



















