भिलाई 03। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने चल रहे जनगणना कार्यों को लेकर मंगलवार को निगम सभागार में सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आयुक्त ने सभी सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से शासन की योजनाएं और विकास की रूपरेखा तय होती है। इसलिए सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और सटीकता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत जानकारी भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है।
बैठक में जनगणना प्रक्रिया, घर-घर सर्वे, डेटा संकलन को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। आयुक्त ने सुपरवाइजरों से कहा कि वे अपने अधीन कार्य कर रहे कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान आम नागरिकों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। बैठक में जनगणना कार्य को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने और त्रुटिरहित डेटा तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।















