भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग, भिलाई के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने 10 श्रद्धालुओं के दल के साथ पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर बाबा बर्फानी के दर्शन किए। लगभग दो दिनों तक चली 36 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर भिलाई सहित समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
श्री पाण्डेय ने बताया कि अमरनाथ यात्रा आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम है। कठिन चढ़ाई और चुनौतीपूर्ण मार्ग के बावजूद बाबा बर्फानी के दर्शन का अनुभव अविस्मरणीय रहा। यात्रा के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात हुई और सभी में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा एवं उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने यात्रा के दौरान किए गए सुरक्षा प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ एवं प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे यात्रा मार्ग में चिकित्सा, विश्राम, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी की कृपा से यह यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी संदेश देती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा करने की अपील की।



















