BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर ग्रामीण पुलिस की ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान: चौक-चौराहा, होटल, लॉज और ढाबा छावनी में तब्दील

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर ग्रामीण पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश और रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन और एएसपी अभिषेक झा के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ ही बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध नंबर प्लेट तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। होटल, लॉज और अन्य सार्वजनिक ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी पुलिस की निगरानी है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा क्षेत्र के होटल, लॉज, संदिग्ध जगहों पर देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, चौक चौराहे छावनी में तब्दील हो गई। वही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस अभियान की मानिटरिंग की जा रही है। होटल और लॉज में ठहरे लोगों के डॉक्यूमेंट्स की चेकिंग की गई।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Related Posts