BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

‘FIGHT AGAINST DRUGS’ की थीम पर आयोजित राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली को डीजीपी ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। राष्ट्र निर्माण में भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने के लिए, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत “राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली-2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस की सहभागिता में यह रैली ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ (नशे के विरुद्ध एकजुट भारत) की थीम पर ‘जागरूकता, रोकथाम और नशामुक्त भारत’ तथा ‘राष्ट्रीय एकता’ के दोहरे पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।

दिनांक 14 अक्टूबर से प्रारंभ हुई यह राष्ट्रव्यापी बाइक रैली कुल 2,245 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 31 अक्टूबर 2026 को एकता नगर (केवड़िया), गुजरात में संपन्न होगी। संपूर्ण भारत में इस रैली को चार प्रमुख जोनों (उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व) में विभाजित किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और केंद्रीय पुलिस संगठन मिलकर अपनी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।

रैली के ‘मध्य जोन’ में 06 राज्य—बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से प्रारंभ होकर यह रैली जिला महासमुंद होते हुए 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर में प्रविष्ट हुई। रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) में छत्तीसगढ़ पुलिस, कमिश्नरेट रायपुर के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा रैली का अभूतपूर्व और आत्मीय स्वागत किया गया।

इसके उपरांत, 17 अक्टूबर 2026 को ओडिशा पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस की बाइक रैली टीमों के जांबाज सदस्यों के सम्मान में एक विशेष अभिनंदन और सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जहां सभी ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का संकल्प दोहराया।

दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे पुलिस परेड ग्राउंड रायपुर में गरिमामय ‘फ्लैग ऑफ़ सेरेमनी’ का आयोजन संपन्न हुआ। जिसमे मुख्य अतिथि के रूप पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम रहे, साथ ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार पुलिस विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उक्त गरिमामय कार्यक्रम में रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ संजीव शुक्ला, चौथी बटालियन कमांडेंट सूरज सिंह परिहार , पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्वेता श्रीवास्तव, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल डीसीपी नार्थ दीपमाला कश्यप डीसीपी ट्रैफिक डॉ अर्चना झा और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और नशे के विरुद्ध समाज में अलख जगा रही बाइक रैली टीम के हौसले की मुक्तकंठ से सराहना की तथा 31 अक्टूबर 2026 को एकता नगर, गुजरात में आयोजित होने वाले मुख्य समापन समारोह के महत्व को रेखांकित किया।

छत्तीसगढ़ के अति पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता अमित कुमार ने नशा मुक्त भारत को आगामी 3 वर्षों का प्रमुख लक्ष्य बताते हुए नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने की महत्ता को बताया।

Related Posts