छत्तीसगढ़फीचर्ड

चौकीदार को बंधक बनाकर बंद फैक्ट्री में डकैती करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख रुपए का सामान बरामद

रायपुर। प्रार्थी दिलीप कुमार वर्मा ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अमरनाथ इस्पात, तेन्दुआ रोड हीरापुर स्थित वर्ष 2020 से बंद फैक्ट्री में चौकीदारी का काम करता है। दिनांक 22.10.2026 की रात्रि लगभग 01ः30 बजे ड्यूटी के दौरान वह ऑफिस के पोर्च में बैठा था, तभी फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। प्रार्थी द्वारा आवाज देकर उसे दौड़ाने पर वह पत्थर मारने लगा। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे हुए लगभग 7-8 अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और प्रार्थी को पकड़े, विरोध करने पर उसके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए।

इसके बाद सभी आरोपियों ने ऑफिस में प्रवेश कर वहां से एल्युमिनियम वायर बंडल, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखे नगद, आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा पैनल कार्ड तथा फैक्ट्री में रखे कॉपर क्वाइल को धकेलते हुए अंधेरे की ओर ले गए तथा फैक्ट्री की साइड की दीवार तोड़कर खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर ले जाकर फरार हो गए। अज्ञात आरोपी दीवाल तोड़कर फैक्ट्री के अंदर प्रवेश कर ऑफिस एवं फैक्ट्री में रखे उक्त सामान को लुटकर ले गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 धारा 127(2), 310(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना की विस्तृत जांच प्रारंभ की गई। टीम के सदस्यों ने प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा घटनास्थल से प्राप्त महत्वपूर्ण तथ्यों एवं साक्ष्यों का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। घटना की गंभीरता एवं आरोपियों द्वारा अपनाए गए तरीके को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर एक साथ कार्य किया गया।

घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने के लिए उपयोग किए गए संभावित मार्गों की जानकारी एकत्र कर उन मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। आरोपियों की गतिविधियों एवं उनकी आवाजाही का क्रमवार विश्लेषण करने के लिए घटना से पूर्व एवं घटना के बाद के फुटेज का मिलान किया गया। इस दौरान आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनकी गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का प्रयास किया गया।

तरीका वारदातों का विश्लेषण करते हुए पुराने एवं संदिग्ध आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र करते हुये अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मुखबिर लगाने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण की सहायता से भी अज्ञात आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान पुलिस टीम को घटना में संलिप्त सरोना, डी.डी.नगर निवासी संदीप नेताम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संदीप नेताम की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर संदीप नेताम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी अजीत भारती एवं उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियोें के साथ मिलकर अमरनाथ इस्पात बंद फैक्ट्री में डकैती की सुनियोजित योजना बनाई थी तथा घटना को अंजाम देने से पूर्व लगभग एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी कर वहां की गतिविधियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी थी। योजना के अनुसार, घटना दिनांक को सभी आरोपी टाटा एस वाहन एवं स्कुटी से फैक्ट्री पहुंचे तथा अंदर प्रवेश कर चौकीदार को बंधक बनाकर कार्यालय एवं फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को लूटकर टाटा एस वाहन में रखकर फरार हो गए।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल तथा घटना में प्रयुक्त कटर मशीन, ड्रिल मशीन, चारपहिया टाटा एस वाहन एवं दोपहिया स्कुटी वाहन जुमला कीमती लगभग 17 लाख रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपी संदीप नेताम पूर्व में थाना गुढ़ियारी के चोरी एवं मारपीट के प्रकरण में, आरोपी उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन थाना टिकरापारा के नकबजनी के प्रकरण में तथा आरोपी अजीत भारती थाना डी.डी. नगर के प्रतिबंधात्मक धाराओं से संबंधित प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुके हैं।

प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी

01. संदीप नेताम पिता स्व. मनसोचन नेताम (देवार) उम्र 35 साल निवासी बी.एस.यू.पी. कालोनी ब्लॉक नं. 14, रूम नं. 14 सरोना थाना डी.डी. नगर रायपुर।

02. अजीत भारती पिता स्व. रमेश भारती उम्र 30 साल निवासी बी.एस.यू.पी. कालोनी सरोना थाना डी. डी. नगर रायपुर।

03. उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन पिता धर्मेन्द्र ठाकुर उम्र 27 साल निवासी देवारपारा सुभाषनगर थाना तेलीबांधा रायपुर।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button