
भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा जुआ एवं ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में ₹4.93 लाख नगद सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं। प्रकरण में मुख्य आरोपी एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रूंगटा कॉलेज के पीछे, जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में कुछ व्यक्तियों द्वारा WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।


सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा गवाहों की उपस्थिति में बताए गए स्थान पर दबिश देकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कुछ संदिग्ध व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज एवं नगदी रकम बरामद की गई। आरोपियों से प्राप्त जानकारी एवं जब्त सामग्री के आधार पर गिरोह के मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना की जा रही है।


प्रकरण में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 02.11.2026 को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
आरोपी का नाम
प्रकाश हरिनखेड़े, उम्र 23 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
डिकेश प्रसाद तिवारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
नगदी रकम ₹4,93,000।
03 लैपटॉप एवं 01 आईपैड।
विभिन्न कंपनियों के 18 स्मार्ट मोबाइल फोन।
01 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस।
विभिन्न बैंकों के 22 एटीएम कार्ड।
विभिन्न बैंकों की 10 पासबुक।
04 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर।
04 होंडा एक्टिवा स्कूटर।
अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज।



