छत्तीसगढ़फीचर्ड

ASP आशीष बंछोर ने मिशन रक्षक प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को जर्सी भेंट की

कांकेर। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा संचालित ‘मिशन रक्षक’ के अंतर्गत युवाओं को पुलिस, पैरामिलिट्री बलों एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 2.11.2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर ने कोयलीबेड़ा में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप मिशन रक्षक जर्सी वितरित किए गए। साथ ही लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मिशन रक्षक के तहत कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निर्मल जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कांकेर पुलिस का “मिशन रक्षक” अभियान — युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button