

बेमेतरा। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग अभिषेक शांडिल्य एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिला पुलिस बेमेतरा के वार्षिक निरीक्षण के उपरांत प्रदेश के प्रसिद्ध प्रवासी पक्षी आश्रय स्थल गिधवा–परसदा स्थित बर्ड इंटरप्रिटेशन सेंटर का भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान आईजीपी दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल सहित पुलिस अधिकारियों ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से क्षेत्र में पाई जाने वाली पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, समृद्ध जैव विविधता एवं प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गिधवा–परसदा एवं नगधा क्षेत्र में पक्षियों के संरक्षण तथा प्रकृति पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।



इस अवसर पर आईजीपी दुर्ग रेंज दुर्ग अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि बर्ड इंटरप्रिटेशन सेंटर एवं बर्ड सफारी के माध्यम से वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण शिक्षा तथा पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। यह पहल केवल पक्षियों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पक्षियों एवं जीव-जंतुओं को सदैव विशेष और पूजनीय स्थान प्राप्त रहा है। पक्षियों को शुभता, समृद्धि एवं पर्यावरण संतुलन का प्रतीक माना गया है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।


उल्लेखनीय है कि गिधवा–परसदा एवं आसपास का क्षेत्र अपने प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण, तालाबों एवं प्राकृतिक आर्द्रभूमियों के साथ-साथ प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पहुंचने वाले प्रवासी पक्षियों के लिए प्रसिद्ध है। वर्तमान प्रवासी मौसम में यहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का आगमन हुआ है, जो मार्च माह तक इस क्षेत्र में विचरण करने के बाद अपने मूल स्थानों की ओर लौटेंगे।
गिधवा–परसदा बर्ड इंटरप्रिटेशन सेंटर का यह भ्रमण पक्षी संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन एवं स्थानीय स्तर पर प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे क्षेत्र की पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय पक्षी मित्रों एवं संरक्षण कार्यों से जुड़े लोगों का उत्साह भी बढ़ेगा।



