देश-दुनियाफीचर्ड

नमो भारत ने रचा इतिहास, 5 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, महज 93 दिनों में एक करोड़ नई यात्राएं दर्ज

नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी। इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होता गया…

 

नईदिल्ली (ए)। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच तेज और आधुनिक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही देश की पहली नमो भारत ट्रेन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की कुल संख्या 5 करोड़ कम्यूटर जर्नी के पार पहुंच गई है। खास बात यह है कि यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी आ रही है। कॉरिडोर पर आखिरी एक करोड़ कम्यूटर जर्नी महज 93 दिनों में दर्ज की गई हैं। यह उपलब्धि दर्शाती है कि नमो भारत अब दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन बनती जा रही है।

एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी। इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होता गया। परिचालन शुरू होने के 574 दिनों बाद यानी 16 मई 2025 को कॉरिडोर ने पहली बार एक करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को 211 दिनों में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पूरा हुआ।

वहीं, 2 मई 2026 को 143 दिनों में तीन करोड़ और 10 अगस्त 2026 को महज 101 दिनों में चार करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। अब 10 नवंबर 2026 को पांच करोड़ का आंकड़ा पार हो गया। इस बार केवल 93 दिनों में एक करोड़ नई कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। पिछले एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो नमो भारत की लोकप्रियता में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। दिसंबर 2025 में कॉरिडोर पर दो करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज थीं, जो नवंबर 2026 तक बढ़कर पांच करोड़ हो गईं। यानी पिछले एक साल में तीन करोड़ से अधिक यात्रियों की यात्राएं दर्ज की गईं।

इसी दौरान 22 फरवरी 2026 को संपूर्ण नमो भारत कॉरिडोर के साथ मेरठ मेट्रो का भी यात्रियों के लिए परिचालन शुरू किया गया था। इसके बाद दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है। पिछले तीन महीनों के आंकड़े भी नमो भारत की बढ़ती लोकप्रियता की कहानी बयां कर रहे हैं। अगस्त 2026 में कॉरिडोर पर कुल 35.25 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। इस दौरान औसत दैनिक राइडरशिप 1,13,708 रही। वहीं, 28 अगस्त को 1,68,666 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है।

सितंबर 2026 में भी यात्रियों की संख्या 32.41 लाख के आसपास रही। इस महीने औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,043 दर्ज की गई। अक्टूबर में कुल 33.49 लाख कम्यूटर जर्नी रिकॉर्ड की गईं और औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,049 रही। लगातार तीन महीनों तक हर महीने 32 लाख से अधिक यात्रियों का सफर करना इस बात का संकेत है कि नमो भारत लोगों की रोजमर्रा की यात्रा का अहम हिस्सा बन रही है।

नमो भारत ट्रेन के प्रति यात्रियों का भरोसा बढ़ने के पीछे तेज रफ्तार, वातानुकूलित कोच, विश्वसनीय परिचालन और बेहतर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच नौकरी, शिक्षा, कारोबार और अन्य कामों के लिए रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिली है। सड़क मार्ग पर लगने वाले जाम और खराब मौसम के दौरान भी यह यात्रियों को एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराती है। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं के साथ नमो भारत का इंटरचेंज यात्रियों के सफर को आसान बनाता है।

मेरठ में नमो भारत के बुनियादी ढांचे पर ही मेरठ मेट्रो का संचालन भी एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे शहर के भीतर और क्षेत्रीय स्तर पर आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। नमो भारत कॉरिडोर की परिचालन व्यवस्था और उपलब्धियों की प्रधानमंत्री भी सराहना कर चुके हैं। उन्होंने इस परियोजना को सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति और 99 प्रतिशत से अधिक समयबद्धता की विशेष रूप से प्रशंसा की है। हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 में भी नमो भारत कॉरिडोर को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button