देश-दुनियाफीचर्ड

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां

विदेशी पर्यटकों, छात्रों और मेडिकल टूरिस्ट को मिलेगी राहत। वीजा की 13 मुख्य श्रेणियां घटकर 9 हुईं। आवेदन फॉर्म में 65 से 70% तक कम हुई जानकारी, प्रक्रिया होगी आसान और तेज…

 

 

नईदिल्ली (ए)। भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने वीजा व्यवस्था को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सरकार ने भारतीय वीजा प्रणाली को तर्कसंगत और सरल बनाया है। इस बदलाव से विदेशी पर्यटकों, मेडिकल टूरिस्ट, छात्रों, शोधकर्ताओं और निवेशकों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को वीजा व्यवस्था में किए गए नए सुधार के तहत मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी गई है। वहीं, उप-श्रेणियों को 49 से घटाकर 23 कर दिया गया है। यानी अब भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा विकल्प पहले के मुकाबले अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित होंगे।

सरकार ने केवल वीजा श्रेणियों की संख्या ही कम नहीं की, बल्कि आवेदन प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। सभी 23 वीजा उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों (Fields) की संख्या में 65 से 70 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। इससे आवेदकों को कम जानकारी भरनी होगी और आवेदन प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और तेज होने की उम्मीद है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, इस सुधार का प्रमुख उद्देश्य भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाना, मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करना और विदेशी छात्रों को भारतीय शिक्षण संस्थानों की ओर आकर्षित करना है। इसके अलावा शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी पेशेवरों के लिए भी वीज़ा प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया गया है।

भारतीय वीजा प्रणाली को सरल बनाने की यह प्रक्रिया पहले भी शुरू की जा चुकी है। अक्टूबर 2025 में सरकार ने मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की थी। अब 27 अगस्त 2026 के नए फैसले के बाद इन्हें क्रमशः 9 और 23 कर दिया गया है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक, वीजा प्रणाली में सुधार करते समय सरकार ने विकसित देशों की वीजा व्यवस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी अध्ययन किया है। इसका मकसद वीजा श्रेणियों के बीच भ्रम और ओवरलैप को कम करना है, ताकि विदेशी नागरिक अपनी यात्रा, शिक्षा, इलाज और व्यावसायिक जरूरतों के हिसाब से सही वीजा का चयन कर सकें।

सरकार का मानना है कि इस सुधार से भारत के साथ विदेशी नागरिकों के वैध यात्रा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, नई वीजा व्यवस्था भारत को विदेशी पर्यटकों, छात्रों और निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button