दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

निरीक्षक महेश ध्रुव के उत्कृष्ट विवेचना से मंत्री यादव हत्याकांड के चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा

दुर्ग। थाना दुर्ग कोतवाली क्षेत्र में घटित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में तात्कालीन थाना प्रभारी महेश ध्रुव द्वारा की गई विस्तृत विवेचना, साक्ष्य संकलन एवं प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

दिनांक 21.05.2024 को रात्रि लगभग 20:15 बजे गंजपारा नाका चौक, दुर्ग के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर आरोपियों द्वारा मारपीट की गई तथा धारदार हथियार एवं कड़े से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के कथन, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री तथा चिकित्सकीय एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया गया।

विवेचना पूर्ण कर आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग द्वारा सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में दिनांक 18.11.2026 को निर्णय पारित करते हुए चार आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास से दंडित किया गया।

दोषसिद्ध आरोपियों का नाम

1. अक्षत दुबे उर्फ मान्या, उम्र 23 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर, शिव मंदिर के पास, दुर्ग, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
2. शुभम शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी आदित्य नगर, बिजली ऑफिस के पास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
3. वंश राजपूत, उम्र 19 वर्ष, निवासी गयाना नगर, मां चंडिका अस्पताल के पास, दुर्ग, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग।
4. अमिताभ उर्फ चंदू, उम्र 19 वर्ष, निवासी हरी नगर, मुस्कान पैलेस के पास, दुर्ग, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।

चारों दोषसिद्ध आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 एवं धारा 120बी के अंतर्गत आजीवन कारावास से दंडित किया गया है। इसके अतिरिक्त धारा 341 सहपठित धारा 34 के अंतर्गत एक माह का साधारण कारावास एवं अर्थदंड दिया गया है।

आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या एवं शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के अंतर्गत क्रमशः दो वर्ष एवं तीन वर्ष के सश्रम कारावास से भी दंडित किया गया है।

प्रकरण की विवेचना में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव एवं थाना दुर्ग की विवेचना टीम द्वारा घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन तथा वैज्ञानिक परीक्षण की कार्यवाही की गई।

प्रकरण में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक श्री पंकज बेलचंदन द्वारा न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस एवं अभियोजन के समन्वित प्रयास से प्रकरण में दोषसिद्धि सुनिश्चित हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button