

रायपुर। थाना खमतराई के मर्ग क्रमांक 72/2023 की जांच के दौरान मृतिका श्यामा गोस्वामी के सिर में चोट एवं गले में रस्सी के निशान पाए जाने के संबंध में प्राप्त तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन, परिजनों एवं गवाहों से पूछताछ तथा घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतिका की मृत्यु के पीछे हत्या की आशंका पर विशेष रूप से जांच की गई।

जांच में पता चला कि मृतिका का अपने पुत्र संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी एवं बच्चों को घर लाना चाहता था, जिस बात को लेकर दिनांक 05.07.2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई।



इसके बाद मृतिका के दर्द से कराहने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। इससे मृतिका के सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

हत्या करने के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के उद्देश्य से मृतिका के सिर में गमछा बांध दिया तथा माथे एवं सिर में गुलाल लगा दिया। आरोपी ने अपनी मां की हत्या की जानकारी अपनी बहनों एवं पुलिस को नहीं दी तथा आसपास के लोगों को मृत्यु का सामान्य कारण बताकर हत्या की घटना को छिपाने का प्रयास किया।


प्रकरण में मृतिका की पुत्री संगीता गोस्वामी द्वारा अपनी मां की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त किए जाने पर पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायत एवं पूर्व में की गई मर्ग जांच से संबंधित तथ्यों का पुनः सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के कथन एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी की संलिप्तता सामने आई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया गया।
आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी पिता स्व. अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी उम्र 44 वर्ष निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1240/2026 धारा 302, 201 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 19.11.2026 को गिरफ्तार किया गया।
उक्त प्रकरण के खुलासे में थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।



