


रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले लिया है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण प्रदेश में बारिश के आसार बन गया हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 20 और 21 नवंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की पूरी संभावना है और इसका असर राजधानी रायपुर सहित आस पास के क्षेत्रों में दिखने लगा है, शुक्रवार की सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान गरज और चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी भी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।



दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना तूफान ‘अकवान’ लगातार आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम फिलहाल उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा है। 19 नवंबर की दोपहर को यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसापुर से 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था।

वहीं चेन्नई से इसकी दूरी 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 660 किलोमीटर दक्षिण में दर्ज की गई। अनुमान है कि यह तूफान आज 20 नवंबर की दोपहर तक तट से टकराएगा। यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच लैंडफॉल कर सकता है। तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।


रेलवे ने जारी की प्रभावित ट्रेनों की सूची
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, चार्लापल्ली-शालीमार एक्सप्रेस (18046) को सुबह 8:40 बजे के बजाय दोपहर 3:40 बजे रवाना किया जाएगा। इसी तरह सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) अपने निर्धारित समय दोपहर 3:55 बजे के बजाय शाम 5:55 बजे और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12246) सुबह 11:15 बजे के बजाय दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी।
चक्रवात के मद्देनजर आठ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इनमें भुवनेश्वर-पलासा मेमू (68419), पलासा-भुवनेश्वर मेमू (68420), कटक-पलासा मेमू (68445), पलासा-कटक मेमू (68446), कटक-गुनुपुर मेमू (68433), गुनुपुर-कटक मेमू (68434), विशाखापत्तनम-ब्रह्मपुर (58532) और ब्रह्मपुर-विशाखापत्तनम (58531) शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और संशोधित समय की जानकारी लेने की अपील की है। चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए आगे भी रेल परिचालन में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बारिश की चेतावनी के बीच छत्तीसगढ़ में ठंड का असर भी तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भी रात का पारा 9.2 डिग्री तक लुढ़क गया है।
नवंबर की शुरुआत में चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से मौसम प्रभावित हुआ। अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अकवान को लेकर मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए नई चेतावनी जारी की है। 18 नवंबर के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है।
कांकेर जिले में 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।
अकवान के आज 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट को प्रभावित करने का अनुमान है। तटीय इलाकों में तूफान की हवा की गति काफी अधिक रहने की संभावना है, लेकिन बस्तर में इसका प्रभाव मुख्य रूप से बारिश और तेज हवाओं के रूप में सामने आने का पूर्वानुमान है।



