
कार्तिक मास के अंतिम पांच दिनों में तुलसी विवाह का आयोजन बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पवित्र अनुष्ठान से जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का आगमन होता है। आइए जानते हैं कि इस वर्ष तुलसी विवाह किस दिन है और इसकी संपूर्ण पूजा विधि क्या है…






नईदिल्ली (ए)। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा के बाद देवउठनी एकादशी पर जागते हैं. इस साल यह पावन तिथि 20 नवंबर 2026 को पड़ रही है. इसी दिन चातुर्मास समाप्त होता है और शादी-विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. देवउठनी एकादशी पर कई जगहों पर तुलसी और शालिग्राम विवाह का आयोजन किया जाता है, जबकि कुछ परंपराओं में यह रस्म अगले दिन द्वादशी तिथि पर निभाई जाती है।

मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य फल मिलता है, अगर आप भी घर में देवउठनी एकादशी की पूजा या तुलसी विवाह करने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले जान लें कि इसके लिए किन-किन सामग्रियों की आवश्यकता होगी।


देवउठनी एकादशी की पूजा का सामान:
- पूजा के लिए एक साफ थाली रखें.
- पीले और लाल फूल रखें. भगवान विष्णु को पीले और मां लक्ष्मी को लाल फूल अर्पित करना शुभ माना जाता है.
- एक लोटे में पानी और गंगाजल मिलाकर रखें, इस जल का उपयोग भगवान के अभिषेक और पूजन में किया जाता है.
- आरती के लिए घी का दीपक जलाएं.
- पूजा में धूप या अगरबत्ती भी अर्पित की जाती है.
- थोड़ी हल्दी भी जरूर रखें, पूजा में इसका खास महत्व होता है.
- भगवान विष्णु को कलावा अर्पित किया जाता है.
- पीले रंग का जनेऊ अर्पित करना शुभ माना जाता है.
- इस दिन चावल का उपयोग वर्जित माना जाता है, इसलिए तिल का इस्तेमाल करना चाहिए.
तुलसी विवाह में क्या-क्या लगता है?
- लाल चुनरी, बिंदी, चूड़ियां, सिंदूर और मेहंदी चाहिए होगी.
- पीला कपड़ा, चंदन, तुलसी के पत्ते और फूलों की माला चाहिए होगी.
- परंपरा के अनुसार मंडप सजाने के लिए गन्ने, केले के पत्ते, फूल और लाल कपड़े का उपयोग किया जाता है.
- शादी की रस्म के लिए वरमाला, गठबंधन का कपड़ा, पान, सुपारी, नारियल और दक्षिणा रखें.
- रोली, अक्षत, हल्दी, कलावा, काले तिल, रुई, घी, जनेऊ, हल्दी की गांठ, आम के पत्ते, इत्र, कलश, पंचामृत और कपूर की जरूरत होगी.
- भोग में फल, मिठाई, बताशे, पंचमेवा, मिश्री और घर के बने सात्विक पकवान रखें.
तुलसी विवाह पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, वृंदा नाम की एक परम पतिव्रता स्त्री थीं। उनका विवाह असुरराज जलंधर से हुआ था। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था। देवता भी उसे पराजित नहीं कर पा रहे थे। तब भगवान विष्णु ने देवताओं की रक्षा के लिए जलंधर का वध करने की योजना बनाई। भगवान विष्णु ने जलंधर का रूप धारण कर वृंदा के पतिव्रत धर्म को खंडित कर दिया। इसके बाद भगवान शिव ने जलंधर का वध किया। जब वृंदा को इस छल का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का शाप दे दिया। देवताओं की प्रार्थना पर वृंदा ने अपना शाप वापस ले लिया, लेकिन स्वयं अग्नि में समर्पित हो गईं। उनकी राख से तुलसी का पौधा प्रकट हुआ। भगवान विष्णु ने वृंदा की भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें सदैव अपने प्रिय रहने का वरदान दिया।
मान्यता है कि इसी कारण भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह में माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। शालिग्राम को भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक परंपरा में इस विवाह को वृंदा के प्रति भगवान विष्णु के वचन और सम्मान से भी जोड़कर देखा जाता है। इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होने की मान्यता है।



