

दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम नागपुरा में महिला स्व-सहायता समूह की कुल 4,14,800 रुपये की राशि का गबन किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की। प्रकरण में समूह की अध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

ग्राम नागपुरा की महिलाओं द्वारा दिनांक 09.06.2022 को सपूरा माता सहायता समूह का गठन किया गया था, जिसमें कुल 12 महिलाएं सदस्य थीं। समूह के संचालन एवं आर्थिक लेन-देन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा नागपुरा में बैंक खाता खोला गया था। समूह की सदस्य महिलाएं नियमित रूप से बचत राशि जमा करती थीं तथा समूह के खाते में शासकीय सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी।



समूह की अध्यक्ष कीर्ति मंडले द्वारा सदस्यों से समय-समय पर राशि प्राप्त की जाती थी। दिनांक 18.11.2026 को समूह की महिलाओं द्वारा बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी प्राप्त करने पर अपेक्षित राशि खाते में उपलब्ध नहीं होना पाया गया। इस संबंध में अध्यक्ष से पूछताछ करने पर उसके द्वारा राशि खर्च हो जाना बताया गया तथा बैंक पासबुक एवं हिसाब-किताब उपलब्ध कराने में टालमटोल की गई।

इसके पश्चात समूह की महिलाओं द्वारा आपसी जानकारी एकत्रित कर कुल 4,14,800 रुपये की राशि के गबन के संबंध में थाना पुलगांव में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 1017/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।


विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कीर्ति मंडले को दिनांक 20.11.2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
आरोपी का नाम: कीर्ति मंडले, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नागपुरा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।



