
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का निधन हो गया है। सीएम की मां सावित्री देवी 91 वर्ष की थी। ह खबर उस समय आई जब सीएम योगी गोरखपुर दौरे पर है…






पौड़ी (ए)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का उम्र से जुड़ी बीमारी के चलते निधन हो गया है। सीएम की मां सावित्री देवी 91 वर्ष की थी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली। यह खबर उस समय आई जब सीएम योगी गोरखपुर दौरे पर है। जब यह सूचना आई तब सीएम योगी गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11:00 योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी 91 वर्ष का पंचूर यमकेश्वर स्थित उनके आवास पर निधन हुआl वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी।


सावित्री देवी की उम्र 91 साल थी। अधिक उम्र के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।
सीएम योगी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी वर्ष 2020 में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के करीब छह साल बाद अब मां सावित्री देवी के जाने से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
यूपी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सीएम योगी की मां के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने एक्स के माध्यम से शोक प्रकट किया। उन्होंने लिखा कि मां का दुनिया से जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं सीएम योगी के साथ हैं।



