घर-परिवारफीचर्ड

आज कार्तिक पूर्णिमा और देव दीवाली पर स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व, करें ये आसान उपाय घर में बनी रहेगी सुख-समृद्धि और शांति

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीवाली पर स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। साथ ही इस दिन कुछ खास उपायों को करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है। चलिए जानते हैं ये कौन से उपाय हैं…

 

 

नईदिल्ली (ए)। आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि और मंगलवार का दिन है। पूर्णिमा तिथि आज रात 8 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। आज स्नान-दान की कार्तिक पूर्णिमा है। जब कार्तिक पूर्णिमा कृत्तिका नक्षत्र से युक्त होती है, तो इसे ‘महाकार्तिकी पूर्णिमा’ कहा जाता है, जिसे शास्त्रों में अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। संयोग से आज कार्तिक पूर्णिमा के दिन कृत्तिका नक्षत्र भी है। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और हवन का विशेष महत्व होता है।

आज किसी तीर्थ स्थल पर स्नान करने से वर्ष भर तीर्थों में स्नान करने के समान पुण्य मिलता है। यदि किसी कारणवश तीर्थ स्थान पर जाना संभव न हो, तो घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है। कहते हैं इस दिन किया गया दान कई गुना फल देता है। कार्तिक पूर्णिमा भीतर की नकारात्मकता, अहंकार, काम, क्रोध, लोभ और मोह को दूर कर जीवन में सकारात्मकता, प्रसन्नता और पवित्रता का संचार करती है।

मान्यता है कि आज ही के दिन भगवान शिव ने देवताओं की प्रार्थना पर त्रिपुरासुर नामक दैत्य के अत्याचार का अंत किया था, जिसकी खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी कारण इसे ‘देव दीपावली’ कहा जाता है। उत्तर प्रदेश में यह पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। गंगा नदी और काशी के विभिन्न घाटों पर अनगिनत मिट्टी के दीप जलाकर प्रवाहित किए जाते हैं और कई स्थानों पर सजी हुई नौकाएं भी तैराई जाती हैं। कहा जाता है कि इस दिन देवताओं का पृथ्वी पर आगमन होता है और उनके स्वागत में दीप जलाए जाते हैं।

इस दिन दीप जलाने का विशेष महत्व

शास्त्रों के अनुसार इस दिन संध्या के समय शिव मंदिर के साथ-साथ अन्य मंदिरों, चौराहों, पीपल के पेड़ और तुलसी के पौधे के पास भी दीप जलाए जाते हैं। दीपदान के साथ भगवान शिव के दर्शन और अभिषेक करने की भी परंपरा है। कहते हैं इससे ज्ञान, धन, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्राप्ति होती है।

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीवाली के खास उपाय

  • आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए: आज एक साफ-सुथरा, नया पीला कपड़ा लेकर उसमें थोड़े चावल रखकर पोटली बनाएं। फिर इसे श्री हरि के चरणों में स्पर्श कराकर किसी मंदिर में दान करें। इससे धन का प्रवाह बढ़ने और आर्थिक स्थिति सुधरने की मान्यता है।
  • अन्न-धन की वृद्धि के लिए: 900 ग्राम चने की दाल लेकर भगवान सत्यनारायण के चरणों से स्पर्श कराएं और फिर किसी सुपात्र ब्राह्मण को दान करें। इससे घर-परिवार में अन्न-धन की बरकत होती है।
  • अच्छी सेहत के लिए: प्रसाद के लिए थोड़ा आटा घी में भूनें और उसमें थोड़ी शक्कर तथा केले के टुकड़े मिलाएं। भगवान को भोग लगाने के बाद शेष प्रसाद परिवार के सदस्यों और बाहर छोटे बच्चों में बांट दें। इससे स्वास्थ्य अच्छा रहने की मान्यता है।
  • मानसिक शांति के लिए: भगवान सत्यनारायण के समक्ष घी का दीपक और चंदन की धूपबत्ती जलाएं तथा केले का भोग लगाएं। इससे मानसिक शांति मिलती है।
  • अटके या जल्द पूरे होने वाले काम के लिए: स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र पहनकर लक्ष्मी-नारायण मंदिर जाएं और कटे हुए नारियल (गोले) के टुकड़ों व मिश्री का भोग लगाकर कार्य सिद्धि की प्रार्थना करें। इससे काम शीघ्र पूरे होने के योग बनते हैं।
  • घर की सुख-समृद्धि के लिए: स्नान के बाद थोड़ी रोली में घी की दो-चार बूंदें मिलाकर पेस्ट तैयार करें और घर के मंदिर के बायीं व दायीं ओर स्वास्तिक बनाएं। इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
  • व्यापार में तरक्की के लिए: एक कच्चे नारियल पर हल्दी से ‘श्री’ लिखें और उसे भगवान विष्णु के मंदिर में दान करें। यदि आसपास विष्णु मंदिर न हो, तो किसी भी मंदिर में दान किया जा सकता है। इससे व्यापार को नई गति मिलने की मान्यता है।
  • दांपत्य प्रेम बनाए रखने के लिए: स्नान के बाद भगवान सत्यनारायण को चंदन का तिलक लगाएं और माता लक्ष्मी को लाल चुनरी अर्पित करें। इससे जीवनसाथी के साथ प्रेम बना रहता है।
  • कार्यों में सफलता के लिए: भगवान सत्यनारायण को चंदन की खुशबू अर्पित करें और पीले रंग की मिठाई का भोग लगाएं। इससे कार्यों में सफलता मिलने की मान्यता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button