खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

सारा धान मोदी सरकार ख़रीद रही है, भूपेश सरकार को अपनी तरफ़ से 2500 रुपया अतिरिक्त देना चाहिए : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

जगदलपुर। केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ वर्षों का कार्यकाल सेवा, समर्पण और गरीबों के कल्याण की बेमिसाल उपलब्धियों से भरा हुआ है। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबी में जन्मे, गरीबी में पले-बढ़े, गरीबों की पीड़ा को अनुभव करते हैं और इसिलए गरीबों के कल्याण की चिंता सतत कर रहे हैं। श्री सिंह भारतीय जनता पार्टी के महासम्पर्क अभियान के सिलसिले में जगदलपुर में गुरुवार को आहूत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में केन्द्र सरकार की योजनाओं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि हर घर शौचालय, हर घर नल-जल, प्रधानमंत्री आवास, किसानों का सम्मान जैसे अभूतपूर्व कार्य केन्द्र सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल में किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसी कलावती से गरीबी नहीं सीखी, किसी ट्रक ड्राइवर से गरीबी का दर्द महसूस नहीं किया, बल्कि गरीबी में जन्म लेकर और चाय बेचकर गरीबी को जिया है और इसीलिए वे पूरे देश के लिए जीते हैं, पूरे देश के साथ परिवार-भाव बनाकर रखते हैं। इसी भाव के साथ केन्द्र सरकार के सभी मंत्री और भाजपा के सभी कार्यकर्ता-नेता कार्यकर्ताओं व केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं।

श्री सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने महज नौ वर्षों में 4 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाकर गरीबों को पक्के मकान की सौगात दी। जल जीवन मिशन के तहत देशभर के 12 करोड़ परिवारों को ताजा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया, घर-घर शौचालय बनवाकर केन्द्र सरकार ने माताओं-बहनों को खुले में शौच की शर्मिंदगी से उबारा है। ऐसे अनेक काम केन्द्र की सरकार ने किए हैं।

केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों, गरीबों को ठगने का काम ही किया है। प्रधानमंत्री आवास नहीं बनाने को लेकर भी श्री सिंह ने भूपेश-सरकार को गरीबों का हक छीनने वाली बताया और कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार के आते ही प्रदेश के सभी गरीबों का आवास बनवाया जाएगा। हर घर में नल-जल कनेक्शन देकर साफ और ताजा जल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री बघेल पर कटाक्ष करते हुए श्री सिंह ने कहा कि न जाने वे किस स्वप्न लोक में रहते हैं? कैसे शराब में घोटाला करें, कैसे जनता की गाढ़ी कमाई लूटें? प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बस यही काम हुआ है। छत्तीसगढ़ का पैसा राहुल गांधी को सौंपने में ही मुख्यमंत्री बघेल को ज्यादा मजा आ रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार केन्द्र की मोदी सरकार के अच्छे कार्यों और सपनों को चकनाचूर करने का काम किया है। केन्द्र ने गरीबों को प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज देने की जो योजना जारी रखी है, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने उसे बंद करके अपनी गरीब विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विदाई वक्त अब करीब आ गया है।

धान के ताजा समर्थन मूल्य की घोषणा पर कांग्रेस के बयानों पर पलटवार करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार के समय 1300 रुपए समर्थन मूल्य था, जिसे मोदी सरकार ने 2200 रुपए तक बढ़ाया है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ढपोरशंख की तरह बर्ताव कर रही है। कांग्रेस ने 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था तो अब उसे किसानों को अपने वादे के मुताबिक अपनी ओर से 2500 और केन्द्र सरकार के 2200 रुपए मिलाकर किसानों को 4700 रुपए प्रति क्विंटल देना चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार के पैसे को अपने दलालों पर लुटाने का काम किया है।

श्री सिंह ने कहा कि केन्द्र के पैसों पर झूठा श्रेय लेकर प्रदेश की भूपेश सरकार ‘माल सारा महाराजा का, होली खेले मिर्जा’ की कहावत चरितार्थ कर रही है। न खाता न बही, जो लुटेरा कहे वही सही। आदिवासी संस्कृति को नष्ट करने पर आमादा ऐसी लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। श्री सिंह ने नरवा-गरवा-घुरवा-बारी योजना की जांच कराने का ऐलान भी किया।

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, हर घर शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से सतत् गरीबों, किसानों और सभी वर्गों के कल्याण का काम अपने नौ साल के कार्यकाल में किया है। केन्द्र सरकार ने आम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने का काम प्रधानमंत्री श्री मोदी और केन्द्र सरकार ने किया है। इसी प्रकार दुनिया में भारत का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है। आतंकवाद आज काबू में है। आज सीमा पार से आतंकवाद फैलाने वाले देश को उसके घर में घुसकर करारा जवाब दिया है। श्री साव ने कहा कि केन्द्र से प्रधानमंत्री श्री मोदी जो राशि गांव-गरीब-किसानों के कल्याण के लिए भेज रहे हैं, उसे रोकने के लिए ब्रेकर का काम प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस की सरकार कर रही है।

प्रधानमंत्री आवास को रोकने का काम किया है। पक्का मकान हर गरीब का हक है और उसे रोकने वाले ब्रेकर को हटाने का काम छत्तीसगढ़ की जनता को करना होगा। श्री साव ने कहा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ का वादा पूरा नहीं किया, बल्कि बिजली ही हाफ कर दी। आज बिजली बिल देखकर बिजली से ज्यादा करंट प्रदेश की जनता को महसूस हो रहा है। प्रदेश के विकास को रोकने वाले ब्रेकर को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button