खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत-पाकिस्तान के बीच इस साल 7 बार होगा महामुकाबला! जानिए कब-कब भिड़ेंगी दोनों टीमें?

भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप की महाभिड़ंत 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी। इसके अलावा एशिया कप में भी दोनों टीमें भिड़ेंगी…

नईदिल्ली (ए)। भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध पिछले कुछ सालों से अच्छे नहीं हैं। साल 2012 में दोनों टीमों ने आखिरी द्विपक्षीय सीरीज खेली थी। उसके बाद से सिर्फ मल्टीनेशन टूर्नामेंट जैसे एशिया कप या फिर आईसीसी टूर्नामेंट में ही दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ खेलती हुई नजर आती हैं। पिछले साल एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हुआ था तो वहां और टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ खेली थीं। अब इस साल फिर से एशिया कप और आईसीसी टूर्नामेंट वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमें इस बार एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। साल 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच फैंस को कुल 7 मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

दरअसल हाल ही में भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी है कि टीम इंडिया की बी टीम एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेने वाली है। एशियाई खेल हैं तो पाकिस्तान की टीम भी इस टूर्नामेंट में शामिल हो सकती है। एशियन गेम्स हांगझोउ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित होंगे और 5 अक्टूबर से भारत में वर्ल्ड कप खेला जाएगा। ऐसे में भारत की बी टीम इस इवेंट में खेलती नजर आएगी। यानी एशिया कप और वर्ल्ड कप के अलावा इस बार एशियन गेम्स में भी भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत हो सकती है।

कब-कब होगा भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला? भारत और पाकिस्तान की टीमें साल 2023 में कुल 7 बार आमने-सामने हो सकती हैं। सबसे पहले एशिया कप 2023 में दोनों टीमें पहले लीग स्टेज, फिर सुपर 4 और उसके बाद अगर फाइनल में पहुंचती हैं तो वहां एक दूसरे का सामना कर सकती हैं। यानी कुल तीन बार एशिया कप में महामुकाबला हो सकता है। इसके बाद एशियन गेम्स में भी दो बार भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत देखने को मिल सकती है। लीग मुकाबले के अलावा यहां नॉकआउट में भी आगे जाने पर भारत-पाकिस्तान का हाईवोल्टेज मैच देखने को मिल सकता है। फिर क्रिकेट के महाकुंभ वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को महामुकाबला होना है। फिर इसके बाद अगर दोनों टीमें आगे बढ़ती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ नजर आ सकती हैं।

यानी अधिकतम सात बार इस साल भारत और पाकिस्तान की टीमें खेल सकती हैं। वरना अगर सिर्फ पक्के-पक्के मुकाबलों की बात करें तो करीब चार बार तो दोनों टीमों का एक दूसरे के खिलाफ खेलना तय ही है। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान अगर फाइनल में पहुंचते भी नहीं हैं फिर भी लीग राउंड के बाद सुपर 4 में जाने का दमखम तो रखते ही हैं। ऐसे में यह साल क्रिकेट फैंस के फुल टू एक्शन पैक्ड होने वाला है। ऐसा बहुत लंबे समय बाद होगा जब भारत और पाकिस्तान के बीच एक साल में इतने मुकाबले खेले जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button