खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

आज से पीएम मोदी पश्चिम बंगाल दौरे पर: ममता बनर्जी के गढ़ से लोकसभा चुनाव का करेंगे आगाज, 15 हजार करोड़ की देंगे सौगात

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। संदेशखाली में तृणमूल नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी और महिलाओं के उत्पीड़न का मुद्दा भी सुर्खियों में है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ माने जाने वाले पश्चिम बंगाल से ही भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के सबसे बड़े चेहरे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में सियासी रणभूमि में उतरने वाली भाजपा 2024 के आम चुनाव में अभियान की शुरुआत पश्चिम बंगाल से कर सकती है। पार्टी की रणनीति के बारे में आई खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे।

 

15000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात: पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर पीएमओ से जारी एक बयान के मुताबिक शुक्रवार को हुगली के आरामबाग जिले में 7200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी। शनिवार को नादिया जिले के कृष्णानगर जाने की योजना है। यहां प्रधानमंत्री मोदी 15000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

पीएम के दोपहर 3 बजे तक बंगाल पहुंचने की संभावना है। वह हुगली जिले के आरामबाग में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे। पार्टी ने कहा कि वह क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।

अपने संभावित कार्यक्रम के मुताबिक पीएम कोलकाता के राजभवन में रुकेंगे। शनिवार (2 मार्च) को वह एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करने और कृष्णानगर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए नादिया जिला जाएंगे।

बंगाल में PM मोदी का दो दिन का कार्यक्रम…

1 मार्च : हुगली के आरामबाग में पीएम मोदी 7,200 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन करेंगे। ये परियोजनाएं रेल, बंदरगाह, तेल पाइपलाइन, एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी हैं। जिनका लक्ष्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और कनेक्टिविटी बढ़ाना है।

2 मार्च : पीएम मोदी बिजली, रेल और सड़क क्षेत्रों से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर का दौरा करेंगे। परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करना और परिवहन बुनियादी ढांचे में सुधार करना है।

चार दिन बाद PM फिर करेंगे बंगाल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिन बाद दोबारा बंगाल का दौरा करेंगे। मोदी 6 मार्च को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली जा सकते हैं। वे यहां यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बात कर सकते हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार (22 फरवरी) को इसकी जानकारी दी थी।

मजूमदार ने बताया कि PM मोदी 6 मार्च को नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में एक महिला रैली को संबोधित करेंगे। अगर संदेशखाली की पीड़ित महिलाएं प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा जताएंगी, तो पार्टी इसकी व्यवस्था करेगी।

पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार का बयान
भाजपा की तरफ से पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों के बारे में पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री के आने पर लाखों स्थानीय लोग जनसभा में जुटेंगे। उत्तर 24 परगना जिले में प्रधानमंत्री मोदी का दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि संदेशखाली में कई स्थानीय महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। भाजपा इस मुद्दे पर बेहद आक्रामक तेवर दिखा रही है।

बंगाल का राजनीतिक समीकरण: बात करें पश्चिम बंगाल के राजनीतिक समीकरण की तो दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की कुल 42 सीटों में से बीजेपी ने 18 सीटें जीती थीं। टीएमसी को 22 सीटें मिली थीं। पिछले शनिवार को पार्टी ने आम चुनाव 2024 के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के लिए राज्य के नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। बैठक में बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति, विशेष रूप से पार्टी कैडर के खिलाफ हिंसा और ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति पर चर्चा की गई।

जनसभा में संदेशखाली की पीड़िताओं का दर्द सुनेंगे पीएम मोदी: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी सीएम ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल से ही भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत कर खास संदेश दे रहे हैं। संदेशखाली में शाहजहां शेख के मामले के बीच होने वाला पीएम मोदी का दौरा इसलिए भी खास है, क्योंकि बारासात में उनके मंच के ठीक बगल में पीड़िताओं का मंच बनेगा। पीएम मोदी संदेशखाली की पीड़िताओं का दर्द सुनेंगे।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी में जुटी भाजपा ने संदेशखाली की घटना को भुनाने की बड़ी रणनीति तैयार कर ली है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बारासात में महिला केंद्रित एक जनसभा में संदेशखाली की पीड़िताओं का दर्द सुनेंगे। बड़ा संदेश देने के लिए पीएम की जनसभा की तारीख छह मार्च की जगह आठ मार्च कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button