खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज श्रीनगर में करेंगे रैली: 6400 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद वह पहली बार कश्मीर पहुंच रहे हैं, बख्शी स्टेडियम को तिरंगे और भाजपा के झंडों से सजा दिया गया है, श्रीनगर के सभी मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज होने वाली रैली के लिए आकाश से जमीन और नदी- नालों तक सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर शहर को ड्रोन और क्वाडकॉप्टर के संचालन के लिए अस्थायी रेड जोन घोषित कर दिया गया है। झेलम नदी में मार्कोस कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। रैली स्थल बख्शी स्टेडियम बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में है। पीएम मोदी रैली के दौरान 6400 करोड़ की 52 विकास परियोनाओं का शुभारंभ व लोकार्पण करेंगे।

अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद वह पहली बार कश्मीर पहुंच रहे हैं। बख्शी स्टेडियम को तिरंगे और भाजपा के झंडों से सजा दिया गया है। श्रीनगर के सभी मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। रैली के दौरान लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। निगरानी के लिए ड्रोन, क्वाडकॉप्टर, यूएवी, हेलीकॉप्टर और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल के आसपास दो किलोमीटर के दायरे में सुरक्षाबलों की पैदल गश्त तेज कर दी गई है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वीरवार को होने वाली जम्मू-कश्मीर बोर्ड, कश्मीर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।

समग्र कृषि विकास कार्यक्रम करेंगे लोकार्पित
पीएम मोदी दोपहर 12 बजे बख्शी स्टेडियम में रैली के दौरान ‘विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। जम्मू-कश्मीर में कृषि-अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने के लिए लगभग 5000 करोड़ रुपये के कार्यक्रम ‘समग्र कृषि विकास कार्यक्रम’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

वह स्वदेश दर्शन और प्रसाद (तीर्थयात्रा कायाकल्प व आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन ड्राइव) योजना के अंतर्गत 1400 करोड़ रुपये से अधिक राशि की पर्यटन क्षेत्र से संबंधित कई परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। इसमें हजरतबल तीर्थ का एकीकृत विकास, श्रीनगर परियोजना भी शामिल है।

1041 कर्मचारियों को देंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री देखो अपना देश और चलो इंडिया वैश्विक प्रवासी अभियान लॉन्च करेंगे। चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के अंतर्गत चयनित पर्यटन स्थलों की भी घोषणा करेंगे। इसके अलावा 1041 नए जम्मू-कश्मीर के सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी जारी करेंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे, जिनमें उपलब्धि प्राप्त महिलाएं, लखपति दीदी, किसान, उद्यमी आदि शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर की कृषि-अर्थव्यवस्था को पूर्ण रूप से बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एचएडीपी किसान पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के ढाई लाख किसानों का कौशल विकास करेगा। इसके तहत 2000 किसान खिदमत घर स्थापित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button