दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी जनदर्शन में लोगों की समस्याओं से हुए रूबरू, 189 शिकायत हुए प्राप्त

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में आज 189 आवेदन प्राप्त हुए।

खम्हरिया ग्रामवासियों एवं किसानों ने बाढ़ के पानी से रास्ता बह जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि विगत दिनों ग्राम खम्हरिया से कोडिया मार्ग स्थित नाला मेें भारी बाढ़ आने के कारण रास्ता पूरा बह गया, इससे किसानों के आवागमन का रास्ता बंद हो गया है।

कुछ महीनों के बाद फसलों की लुवाई तथा धान की ढुलाई के लिए हार्वेस्टर तथा ट्रेक्टर की आवश्यकता होगी, चूंकि नाले के पास का रास्ता पूरा बह जाने के कारण आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

वार्ड-42 कसारीडीड वार्डवासियों ने अवैध कब्जा तथा अवैध कार पार्किंग को हटवाने आवेदन दिया। सड़क नम्बर 05 एवं 08 में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर शासकीय सड़क तक गृह निर्माण किया गया है साथ ही चार पहिया वाहन सड़क पर पार्किंग किए जाने के कारण वार्डवासियों को आने-जाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।

वर्तमान में अवैध कब्जा होने के कारण आये दिन सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसके कारण विद्यार्थियों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को अवैध कब्जा की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

ग्राम बटरेल निवासी ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का लाभ प्रदाय किए जाने हेतु आवेदन दिया। बटरेल निवासी छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के रूप में पंजीकृत मजदूर है। बच्चे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु आवेदन किया गया था, किंतु आज दिनांक तक उसे नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का लाभ प्राप्त नही हो पाया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

भिलाई निवासी दिव्यांग आवेदक ने बीएड की शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानिधि से आर्थिक सहायता की मांग की। आवेदक की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण बीएड की पढ़ाई करने में असमर्थ है। इस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

धमधा निवासी कृषक ने कृषि भूमि के मुआवजा राशि की मांग की। कृषि भूमि में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण किया गया है, जिसकी मुआवजा राशि आज दिनांक तक अप्राप्त है। मुआवजा राशि प्राप्त नही होने के कारण जीवन यापन करने में बहुत तकलीफो का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम धमधा को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिक आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, सड़क मरम्मत, राशन कार्ड, अवैध कब्जा सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इन सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button