छत्तीसगढ़फीचर्ड

सुनियोजित तरीके से लूट का बहाना कर 05 लाख रू. की ठगी करने वाले नगर सैनिक एवं पैरालिगल वालेंटियर सहित 03 आरोपी गिरफ्तार

सुनियोजित ठगी के मामले में जशपुर पुलिस ने 03 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार…नगर सैनिक अभ्यांजित कुजूर की थाना नारायणपुर में पदस्थापना थी…आरोपियों से ठगी का कुल 03 लाख 50 हजार रू. एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त…

जशपुर। प्रार्थी मो. हमीद अंसारी उम्र 40 साल निवासी रेवतीपुर थाना रामचंद्रपुर जिला बलरामपुर ने दिनांक 30.10.2024 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसे दिनांक 29.10.2024 को मो. अंसार अंसारी ने कहा कि मेरे स्कीम में 05 लाख रू. लगाओ और एक सप्ताह के भीतर 08 लाख रू. दिलवाऊंगा। तब प्रार्थी ने एक परिचित शिक्षक से 03 लाख, अपने भाई से 50 हजार रू. उधार पर लिया एवं स्वयं का 01 लाख 50 हजार रू. कुल 05 लाख रू. लेकर किराये के कार से प्रार्थी और मो. अंसार अंसारी अंबिकापुर से बतौली होते हुये दुर्गापारा तक आये।

रास्ते में मो. अंसार अंसारी अपने मोबाईल फोन से प्रकरण का फरार व्यक्ति से बात करते हुये आ रहा था। प्रकरण का फरार व्यक्ति उनसे दुर्गापारा के पास मिला, वह वहाॅं पर मोटर सायकल से आया हुआ था, इसी दौरान मो. अंसार अंसारी ने प्रार्थी के पास रखे 05 लाख रू. को लेकर उक्त व्यक्ति के मोटर सायकल में पीछे की ओर बैठ गया, दोनों जशपुर की ओर जाने लगे। प्रार्थी उनके पीछे-पीछे किराये के कार में ड्राईवर के साथ जा रहा था, कुछ दूर जाने के बाद मो. अंसार अंसारी एवं उक्त मोटर सायकल चालक दोनों रोड से गायब हो गये। प्रार्थी ने कई बार मो. अंसार अंसारी को काॅल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

कुछ घंटे के पश्चात् मो. अंसार अंसारी ने प्रार्थी को फोन कर बताया कि आपका 05 लाख रू. को लेकर आ रहे थे इसी दौरान नारायणपुर के अटल चौक के पास लूट हो गया है, इस बात को लेकर दोनों में काफी बहस-बाजी हुआ।

प्रारंभ में लूट की घटना होने की सूचना मिलने ही पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नारायणपुर एवं टीम को अलर्ट कर तत्काल कार्यवाही करने हेतु कहा गया, पुलिस द्वारा दबिश देकर संदेही आरोपियों को अभिरक्षा में लिया, परंतु पूछताछ एवं जाॅंच उपरांत आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से ठगी की घटना को अंजाम देना ज्ञात हुआ।

प्रकरण का फरार आरोपी ने थाने में पदस्थ नगर सैनिक अभ्यांजित कुजूर एवं पैरालिगल वालेंटियर बसंत यादव को पूर्व से ही अपने साथ घटना में सम्मिलित कर उन्हें अटल चौक के पास बुलाया था, तीनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। विवेचना क्रम में मेमोरंडम कथन के आधार पर आरोपी मो. अंसार अंसारी के कब्जे से नगदी 50 हजार रू., नगर सैनिक अभ्यांजित कुजूर के कब्जे से 03 लाख रू. एवं बसंत यादव से घटना में प्रयुक्त आरोपी अभ्यांजित कुजूर का मोटर सायकल क्र. सी.जी. 14 एम. 6946 पैशन प्रो को जप्त किया गया है।

प्रकरण में 01 आरोपी फरार है, वह अपने साथ नगदी 01 लाख 50 हजार रू. लेकर भागा है। उपरोक्त तीनों आरोपियों के विरूद्ध पर्याप्त अपराध सबूत पाये जाने पर उन्हें दिनांक 31.10.2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक सतीश सोनवानी, स.उ.नि. विनसेंट टोप्पो, प्र.आर. 466 बल्थाजर तिग्गा, आर. 709 योगेश भगत, सै. विरेन्द्र भगत इत्यादि का योगदान रहा है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि:- “सुनियोजित तरीके से लूट का बहाना कर 05 लाख रू. की ठगी करने के मामले में जिले की पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे ठगी का 03 लाख 50 हजार रू. जप्त किया गया है, प्रकरण का 01 आरोपी फरार है उसकी गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।”

थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरूद्ध अप.क्र. 89/2024 भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4), 61(2) का अपराध दर्ज…

आरोपीगणों के नाम:-
1. मो. अंसार अंसारी उम्र 45 साल निवासी तकिया पारा अंबिकापुर जिला सरगुजा छ.ग.।
2. नगर सैनिक – अभ्यांजित कुजूर उम्र 35 साल निवासी भेलवांटोली थाना नारायणपुर।
3. पैरालिगल वालेंटियर- बसंत यादव उम्र 37 साल निवासी डोंडराही थाना नारायणपुर।

जप्ती:  नगदी रकम 03 लाख 50 हजार रू. एवं 01 नग मोटर सायकल।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button