खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने गुजराती नववर्ष पर दीं शुभकामनाएं, कहा- आने वाले साल में आपके सभी सपने पूरे हों

प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री शाह ने गुजराती नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं. लोगों ने घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना की। मोदी ने ट्वीट पर शुभकामनाएं दीं…

 

अहमदाबाद (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार (2 नवंबर)  को गुजराती नववर्ष के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं. लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर और मंदिरों में पूजा-अर्चना करके गुजराती नववर्ष मनाया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजराती में लिखा, ‘‘आज से शुरू होने वाला यह नया साल आपके जीवन में खुशियां, सफलता और समृद्धि लाए और आपका स्वास्थ्य अच्छा रहे. आने वाले साल में आपके सभी सपने पूरे हों और हर दिन नई ऊर्जा और सकारात्मकता से भरा हो! नव वर्ष की शुभकामनाएं!’’

शुभचिंतकों से की मुलाकात 
केंद्रीय मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद और गांधीनगर में अपने-अपने आवासों पर समर्थकों से मुलाकात की. केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्तिसिंह गोहिल ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात की एवं शुभकामनाएं दीं।

मंदिर में भी की पूजा-अर्चना 
मुख्यमंत्री ने अपने दिन की शुरुआत पंचदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करके की, फिर उन्होंने गांधीनगर के अडालज में स्थित त्रिमंदिर में दर्शन किये और वर्तमान तीर्थंकर श्री सीमांधर स्वामी एवं पूज्य नीरू की समाधियों को नमन किया. बाद में उन्होंने अहमदाबाद में भद्रकाली माताजी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

भूपेंद्र पटेल ने प्रार्थना
पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के सभी नागरिकों और दुनिया भर के गुजराती परिवारों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं. मैं प्रार्थना करता हूं कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए.’’ उन्होंने लिखा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को ‘विकसित भारत 2047’ का दृष्टिकोण दिया है. आइए हम सभी नए साल की शुरुआत में विकसित गुजरात का निर्माण करके इस दृष्टिकोण को पूरा करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लें।’’

गृह मंत्री ने की आवास पर मुलाकात
पटेल ने राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. पटेल ने गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की. शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आप सभी भाइयों-बहनों को गुजराती नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं. यह नववर्ष आपके लिए ढेर सारी खुशियां और उत्साह लेकर आए।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button