छत्तीसगढ़फीचर्ड

SSP प्रशांत ठाकुर ने नशे के विरुद्ध नवजीवन अभियान का शुभारंभ कर छात्रों से कहा- अभियान में आपकी भागीदारी मिल का पत्थर साबित होगी

स्थानीय रेवती रमण मिश्रा महाविद्यालय में इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार, 10 दिसम्बर 2024 को कलेक्टर एस जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, सीईओ कमलेश नंदिनी साहू व प्राचार्य एच.एन.मिश्र की मौजूदगी में हुआ…

 

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले में नशे के विरूद्ध जन जागरूकता का महा अभियान का शुभारंभ कलेक्टर एस जयवर्धन के सहयोग से किया है जिसका नाम ‘‘नवजीवन’’ है। स्थानीय रेवती रमण मिश्रा महाविद्यालय में इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार, 10 दिसम्बर 2024 को कलेक्टर एस जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, सीईओ कमलेश नंदिनी साहू व प्राचार्य एच.एन.मिश्र की मौजूदगी में हुआ जहां एसएसपी ने शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के कुरीति के प्रति जागरूक किया और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। नशे के विरूद्ध कार्यवाही व जागरूकता के लिए ‘‘नवजीवन’’ महा अभियान प्रारंभ किया गया है ताकि जनता के बीच पुलिस का बेहतर समन्वय बने, लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़े, छात्र-छात्राओं व आम लोगों से यह अपील भी की गई है कि आप अपने आसपास कोई भी घटना या नशे की अवैध खरीदी बिक्री देखें तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। सूरजपुर पुलिस आपके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

नवजीवन अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर सूरजपुर एस जयवर्धन ने कहा कि नशे के विरूद्ध अभियान ‘‘नवजीवन’’ एसएसपी सूरजपुर ने प्रारंभ कराया है जिसका जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। नशे से बचाव के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि हमेशा खुश रहने के लिए हैपी हार्मोन्स बहुत जरूरी है इसके निर्माण के लिए खुश रहने के अलावा वर्कआउर करें एवं अच्छे माहौल में पढ़ाई करें। नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर कहा कि आपसी सहयोग से समाज में नशे के प्रभाव को कम किया जा सकता है। समाज में कई लोग ऐसे होते हैं जो नशे की लत पाल कर पूरी तरह नशे के आदी हो जाते हैं, उनके लिए वापस लौटना और जिदगी की नई शुरुआत करना मुश्किल होता है। नशे के कारण उनमें इतना मनोबल भी नहीं होता कि नशा छोड़ने के लिए संकल्प ले सकें। इसलिए जरूरी है कि उनकी काउंसलिग कर उन्हें नशा छोड़ने के प्रति प्रेरित करें।

इस अवसर पर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि नशे के विरुद्ध संगठित और प्रभावी प्रयास पुलिस के द्वारा लगातार किया जा रहा है। वर्तमान में नशे के जाल में लगातार लोग फंसते जा रहे हैं, समाज के युवा और बच्चे जो तेजी से नशे के शिकार हो रहे हैं, जिस तेजी से फैल रहे बीमारी रूपी नशे को खत्म करने के लिए सूरजपुर पुलिस एक विशेष अभियान लेकर आई है, जिसका नाम है ‘‘नवजीवन’’। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कहा कि नशे के विरूद्ध अभियान में आपकी भागीदारी मिल का पत्थर साबित होगी। हमें अपने समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रति सजग रहना होगा।

एसएसपी ने छात्र-छात्राओं को कहा कि आप देश की धरोहर हो, आज मैं और कलेक्टर साहब यहां बैठे है, कल यहां आप बैठेंगे, नशा मुक्त रहकर बेहतर भविष्य में बुनियाद मजबूती से बनाए। नशा बहुत ही घातक है, नशा करने वाला व्यक्ति अपने मॉ-पिता को परेशान करने से बाज नहीं आते जबकि माता-पिता धरती पर भगवान का रूप है। नशे में फंसे व्यक्ति का मनोबल बढ़ाने तथा इलाज के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही यह प्रवृत्ति इनको अपराध घटित करने के लिए भी प्रेरित करती है। आने वाले पीढ़ी को नशे से दूर कर एक सुनहरा भारत बनाने के लिए सूरजपुर पुलिस ने यह पहल की है। नशे के विरूद्ध पुलिस की इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम को सीईओ जिला पंचायत कमलेश नंदिनी साहू व प्राचार्य एच.एन.दुबे ने भी संबोधित किया।

पुलिस के ‘‘नवजीवन’’ अभियान का मुख्य उद्देश्य
एसएसपी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा पर प्रभावी और संगठित कार्यवाही करना है, प्रत्येक थाना क्षेत्र के अत्यधिक नशे से प्रभावित गांवों को चिन्हांकित कर वहां नशा के अवैध बिक्री को पूर्ण रूप से समाप्त करना, धीरे-धीरे इसका विस्तार पूरे जिले में किया जाएगा। गांव के लोगों को पुलिस के अभियान से जोड़ने के लिए गांव में महिलाओं और पुरुषों को संगठित कर प्रत्येक गांव में ग्राम रक्षा समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति की ओर से नशा के तस्करों और सप्लायरों का संगठात्मक विरोध किया जाएगा और विशेष अभियान चला कर पुलिस की ओर से रेड की कार्रवाई की जाएगी।

नशे के विकेताओं के खिलाफ सूचना देने के लिए एक मोबाइल नम्बर 9479193999 जारी किया गया, इस मोबाइल नम्बर पर सूचना देने वाले की जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा। सूचना के आधार पर संबंधित थाने की टीम और सायबर सेल की टीम की ओर से कार्रवाई किया जाएगा। कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को नशे के जाल से बचाने के लिए वृहद रूप से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इस अवसर पर थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, निरीक्षक जावेद मियादाद, महाविद्यालय के शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button