खास खबरफीचर्डविविध

खेल पुरस्कार की घोषणा: मनु भाकर, डी.गुकेश, पैरालंपिक प्रवीण कुमार समेत 4 खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

खेल मंत्रालय ने कुल 32 एथलीटों की सूची जारी की है, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 17 पैरा एथलीटों को रखा गया है…

नईदिल्ली (ए)। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली मनु भाकर, शतरंज के विश्व चैंपियन डी.गुकेश, हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार के लिए खेल रत्न पुरस्कार की घोषणा की। राष्ट्रपति 17 जनवरी 2025 को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसके अलावा खेल मंत्रालय ने कुल 32 एथलीटों की सूची जारी की है, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 17 पैरा एथलीटों को रखा गया है।

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार
खेलों में उत्कृष्टता को मान्यता देने और पुरस्कृत करने के लिए हर साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए जाते हैं। ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ किसी खिलाड़ी द्वारा पिछले चार वर्षों की अवधि में खेल के क्षेत्र में शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है।

कौन हैं खेल रत्न के खिलाड़ी

–पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने शूटिंग में 2 मेडल जीतकर इतिहास रचा था। एक ही ओलंपिक की व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में 2 अलग-अलग मेडल जीतने वाली वह पहली भारतीय एथलीट बनीं।

–ओलंपिक में ही हरमनप्रीत सिंह ने अपनी कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। ये लगातार दूसरा मौका था जब भारत ने ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

— कुछ सप्ताह पहले ही डी गुकेश शतरंज के इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बने। वह 18 वर्ष की उम्र में ही वर्ल्ड चैंपियन बने।

–प्रवीण कुमार ने पैरालंपिक की टी64 कैटेगरी की हाई-जंप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था।

अर्जुन पुरस्कार
‘खेलों और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल कौशल और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है।

अर्जुन पुरस्कार (आजीवन)
अर्जुन पुरस्कार (आजीवन) उन खिलाड़ियों को सम्मानित करने और प्रेरित करने के लिए दिया जाता है जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेलों में योगदान दिया है और सक्रिय खेल करियर से संन्यास लेने के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने में योगदान देना जारी रखते हैं।

द्रोणाचार्य पुरस्कार
‘खेलों और खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार’ लगातार उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम बनाने वाले प्रशिक्षकों को दिया जाता है।

मौलाना अबुल कलाम आजाद (MAKA) ट्रॉफी
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कुल मिलाकर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद (MAKA) ट्रॉफी दी जाती है।

कौन करता है खिलाड़ियों का चुनाव
आवेदन ऑनलाइन आमंत्रित किए गए थे और खिलाड़ियों/कोचों/संस्थाओं को एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। इस वर्ष इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) वी. रामसुब्रमण्यम की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा विचार किया गया और इसमें प्रख्यात खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता में अनुभव रखने वाले व्यक्ति और खेल प्रशासक शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button