खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने पंजाब और हिमाचल का किया दौरा: त्रासदी में अनाथ हुई 11 महीने की नीतिका से मिले, वित्तीय सहायता की घोषणा की

किसानों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिनके पास बिजली कनेक्शन नहीं है, उन्हें अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। बाढ़ से प्रभावित बोरवेल और पंपों की मरम्मत के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मदद दी जाएगी। वहीं डीजल पंपों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और माइक्रो-इरिगेशन को बढ़ावा देने के लिए MNRE और प्रति बूंद अधिक फसल योजना के तहत सहयोग मिलेगा…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा किया। पीएम मोदी अपने हिमाचल दौरे के समय नीतिका से मिले। प्रदेश में त्रासदी से प्रभावित 11 महीने की नीतिका, जो अपने परिवार की एकमात्र जीवित बची है। उससे मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो उठे। उन्होंने नीतिका को अपनी गोद में लिया और उसके चेहरे को प्यार से सहलाया। साथ ही उन्होंने जुलाई के बाद से राज्य में आई कई प्राकृतिक आपदाओं में जीवित बचे लोगों से भी मुलाकात की। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर मौजूद थे।

आपको बता दें, 30 जून और 1 जुलाई की मध्यरात्रि को मंडी जिले के गोहर उप-मंडल के तलवाड़ा गांव में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ में नीतिका चमत्कारिक रूप से बच गई थी। नीतिका अपने पालने में गहरी नींद सो रही थी। उसके माता-पिता और दादी बाढ़ से लड़ने के लिए बाहर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौट पाए। सिर्फ बच्ची ही बची रही। अब नीतिका की देखभाल उसके रिश्तेदार कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतिका से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हिमाचल प्रदेश में भारी बाढ़ और लैंडस्लाइड से प्रभावित कुछ लोगों से बातचीत की। उनकी पीड़ा के साथ ही त्रासदी से हुआ नुकसान मन को व्यथित करने वाला है। खराब मौसम का संकट झेल रहे हर व्यक्ति तक राहत और सहायता पहुंचे, इसके लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।”

पीएम मोदी ने आज भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद चल रहे आपदा प्रतिक्रिया और पुनर्वास प्रयासों की समीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित लोगों के अलावा प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम के साथ भी बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के लिए 1,500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी आर्थिक मदद का ऐलान किया। उन्होंने पंजाब को 1,600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की, जो राज्य को पहले से उपलब्ध 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब को SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड) की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी। साथ ही किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त भी तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से अनाथ हुए बच्चों को PM CARES for Children योजना के तहत दीर्घकालिक सहयोग मिलेगा। प्रधानमंत्री ने पंजाब के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और फिर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना से घरों का पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत, स्कूलों का पुनर्निर्माण, PMNRF से सहायता और पशुओं के लिए मिनी किट वितरण जैसी बहुआयामी योजनाएं शुरू की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button