दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

सिरसा गेट एवं खुर्सीपार में दो फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण को मिली स्वीकृति, यातायात जाम की समस्या से मिलेगी राहत

दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी शामिल हुए।

बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर एवं स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि हाईवा वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही सिविक क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध हेतु यूनिपोल लगाने के निर्देश भी दिए गए।

लोक निर्माण विभाग (एनएच) के अधिकारी ने बताया कि सिरसा गेट एवं खुर्सीपार में दो फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके निर्माण से इन क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी। फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों का सुचारू आवागमन सुनिश्चित होगा, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी तथा आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। इसके अलावा सुपेला मार्केट क्षेत्र में सड़क पर अवैध पार्किंग कराने वाले पार्किंग ठेकेदारों के विरुद्ध वाहन जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सड़क किनारे किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में पूर्व बैठक की पालन प्रतिवेदन की विभागवार समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों ने पूर्ण कार्य, अद्यतन प्रगति एवं की गई विभागीय कार्यवाही की जानकारी दी। साथ ही जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button