डिफेंडिंग चैंपियन भारत की नजर तीसरा खिताब जीतकर इतिहास रचने पर है। वहीं न्यूजीलैंड पहली बार व्हाइट बॉल फॉर्मेट में विश्व चैंपियन का खिताब हासिल करना चाहेगी। ऐसे में दोनों के बीच फाइनल में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। इस मुकाबले में पिच की भूमिका भी अहम भूमिका रहेगी। ऐसे में आइए जानते हैं रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल?
अहमदाबाद (ए)। आज रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। इस मुकाबले में इतिहास बनना तय है अगर भारत यह मैच जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरा खिताब जीतने वाली और लगातार दो बार ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम अगर जीत दर्ज करती है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली सातवीं टीम बन जाएगी।
देखा जाए तो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी20I मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जिसमें दो सुपर ओवर में मिली जीतें भी शामिल है. वहीं न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते. एक मुकाबला डीएलएस नियम के तहत टाई पर भी छूटा है।
भारत और न्यूजीलैंड की टीम व्हाइट बॉल फॉर्मेट में लगातार दूसरी बार फाइनल में भिड़ंत हो रही है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में कीवी टीम को दुबई में मात देकर खिताब जीता था। ऐसे में टीम इंडिया कीवी टीम के खिलाफ इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। आज तक कोई मेजबान टीम खिताब अपने नाम नहीं कर सकी है और ना ही कोई टीम लगातार दो बार ट्रॉफी पर कब्जा कर सकी है। सूर्यकुमार यादव की सेना ये कारनामा करने से एक कदम दूर है।
वहीं दूसरी बार फाइनल में पहुंची कीवी टीम की नजर पहला खिताब जीतने पर है। पिछले बार कंगारुओं ने साल 2021 में दुबई में उनका ये सपना तोड़ दिया था। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में देखने को मिलेगी। मेजबान टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है वहीं न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर संभाल रहे हैं।
विश्व कप में भारतीय टीम वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकी बावजूद इसके फाइनल में पहुंचने में सफल रही। दोनों टीमों के बीच भारतीय सरजमीं पर 18 मैच खेले गए हैं जिसमें से 11 में भारत और 7 में न्यूजीलैंड विजयी रही है। टी20 विश्व कप में कहानी बिलकुल अलग है। दोनों के बीच टी20 विश्व कप में अबतक केवल तीन बार भिड़ंत हुई है और तीनों बार बाजी न्यूजीलैंड के हाथ लगी है। टीम इंडिया का कीवी टीम के खिलाफ टी20 विश्व कप में खाता नहीं खुला है। ये आंकड़ा भारतीय प्रशंसकों को डराने वाला है।
रविवार 8 मार्च, 2026 को अहमदाबाद में मौसम काफी गर्म रहेगा। दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शाम सात बजे से भारत न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उस समय तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रात होते होते मौसम में उमस भी बढ़ती जाएगी। रात 11 बजे तक यह 27 प्रतिशत हो जाएगी। ऐसे में खिलाड़ियों को मैच के दौरान थोड़ी परेशानी होगी। गर्मी की वजह से ओस पड़ने की संभावना कम है जो लक्ष्य का बचाव कर रही टीम के गेंदबाजों के लिए अच्छे संकेत हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला जिस पिच पर खेला जाएगा उसे लाल और काली मिट्टी से मिलकर बनी। इस पिच पर पिछले साल आईपीएल का फाइनल मुकाबला खेला गया था। इस पिच पर खेले गए 8 मैच में से 5 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। हालांकि आइपीएल 2025 के फाइनल में आरसीबी पंजाब किंग्स के खिलाफ 190 रन के लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही थी। उससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243 रन का स्कोर खड़ा किया था और महज 11 रन से जीत दर्ज करके फाइनल में पहुंचने में सफल हुई थी। इस पिच पर रनों की जमकर बारिश होने की संभावना है।
भारतीय टीम को इससे पहले विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 राउंड के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही थी वो पिच काली मिट्टी से बनी थी। काली मिट्टी की पिच पर ही टीम इंडिया को 2023 के वनडे विश्व कप के फाइनल में हार का मुंह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ देखना पड़ा था। ऐसे में इस बार खिताबी जंग काली मिट्टी से बनी पिच पर नहीं खेला जा रहा है जो टीम इंडिया के लिए राहत की बात है। रविवार को सूर्यकुमार यादव और मिचेल सेंटनर में से जो कोई भी टॉस जीतेगा वो पहले गेंदबाजी का फैसला करेगा।

















