BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

हनीट्रैप के माध्यम से रचित अपहरण की साजिश का खुलासा, भांजा निकला मास्टरमाइंड, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। प्रार्थी द्वारा थाना अम्लेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका नाबालिग पुत्र को मोटर साइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अम्लेश्वर में बुलाकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया। घटना के पश्चात आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना अम्लेश्वर पुलिस, साइबर सेल एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।

जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन जिला धमतरी क्षेत्र में प्राप्त होने पर धमतरी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया तथा अपहृत बालक को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय साहू, जो पीड़ित परिवार का परिचित/भांजा है, द्वारा हेम पुष्पा साहू (महिला आरोपी) के माध्यम से हनीट्रैप की योजना बनाई गई। योजनाबद्ध तरीके से बालक को झांसे में लेकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ/फिरौती प्राप्त करने के उद्देश्य से अपराध करना स्वीकार किया गया।

प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 BNS के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

आरोपी का नाम: 1. शैलेन्द्र लहरे, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
2. कृष्णा साहू उर्फ करण, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा (मास्टरमाइंड)
3. रविंद्र लहरें, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
4. संजय साहू, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी अमलेशवर
5. हेम पुष्पा साहू, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र

जप्त सामग्री: 1. एक चार पहिया वाहन (सेंट्रो कार)
2. 06 नग मोबाइल फोन।

Related Posts