BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक भावनाओं से जुड़ा आयोजन: आयुक्त डीएस राजपूत

भिलाई 03। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्र में 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर निगम प्रशासन ने तैयारियां अंतिम दौर में हैं। निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत ने निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की है।

आयुक्त डी.एस. राजपूत ने नागरिकों से कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक भावनाओं से जुड़ा आयोजन है। इसमें शहर के नागरिकों की भागीदारी कार्यक्रम को और अधिक सार्थक एवं प्रभावी बनाएगी। उन्होंने निगम क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल उसके विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां के नागरिकों की सहभागिता और आपसी सहयोग से भी बनती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नागरिकों में सामुदायिक भावना मजबूत होती है और शहर के प्रति जिम्मेदारी एवं अपनत्व की भावना को बढ़ावा मिलता है।

निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए इसे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में सफल बनाने में सहयोग करें।

आयुक्त ने नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से एक दीपक लेकर इस अभियान से जुड़े। एक-एक घर से निकलने वाला दीपक जब सामूहिक रूप से प्रज्ज्वलित होगा, तो यह हजारों परिवारों की एकजुटता और जनसेवा के प्रति विश्वास का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने कहा कि सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प को जनभागीदारी से ही नई मजबूती मिलती है। इसलिए निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाएगी।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत 2047’ के निर्माण में अपनी सहभागिता का सामूहिक संकल्प लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर सामूहिक एकजुटता और सहभागिता का संदेश देने का आग्रह किया है।

Related Posts