छत्तीसगढ़फीचर्ड

CSPDCL को 4.30 करोड़ रुपए से अधिक का चुना लगाने वाला आरोपी सहायक ग्रेड 3 गिरफ्तार

विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों में 04 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के वित्तीय गबन का आरोपी गिरफ्तार…वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक रवेली एवं मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना के दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कर किया गया वित्तीय गबन…

 

कबीरधाम। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले में आर्थिक अपराधों एवं वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना पिपरिया पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के दो विद्युत वितरण केंद्रों में कुल 04 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की राशि का वित्तीय गबन करने के मामले में आरोपी मनोज साहू को गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी सुनील कुमार गुप्ता, पिता शिव प्रसाद गुप्ता, उम्र 37 वर्ष, निवासी पंडरिया, वर्तमान पदस्थापना सहायक अभियंता, उप संभाग छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पिपरिया, जिला कबीरधाम द्वारा थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि विद्युत वितरण कंपनी में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की विद्युत वितरण केंद्र रवेली में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कुल 3,17,90,699/- रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई तथा उक्त राशि का वित्तीय गबन किया गया।

रिपोर्ट पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 127/2026, धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 एवं 409 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान विद्युत वितरण कंपनी केंद्र मरका के सहायक अभियंता संदीप सोनी द्वारा भी थाना उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी मनोज साहू द्वारा विद्युत वितरण केंद्र मरका में पदस्थापना एवं प्रभार के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की कुल 1,12,69,171/- रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई तथा वित्तीय अनियमितता करते हुए राशि का गबन किया गया।

इस प्रकार दोनों विद्युत वितरण केंद्रों से संबंधित प्रकरणों में कुल 4,30,59,870/- रुपये (चार करोड़ तीस लाख उनसठ हजार आठ सौ सत्तर रुपये) की राशि का वित्तीय गबन किया जाना सामने आया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस कप्तान के दिशा निर्देश पर थाना पिपरिया पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान आरोपी मनोज साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा गबन संबंधी कृत्य स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button