
भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र सहित दुर्ग जिले के विभिन्न इलाकों में नेशनल हाईवे और व्यस्त मार्गों पर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और आभूषण झपटने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा है। खुर्सीपार पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा अन्य थाना प्रभारियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और तकनीकी सुरागरसी के चलते इस शातिर अपराधी को दबोचने में सफलता मिली है।

खुर्सीपार क्षेत्र में लगातार हो रही झपटमारी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था। थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने अन्य संबंधित थानों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मजबूत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।



संयुक्त टीम द्वारा लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा।

घटनाओं की सूची
- तुलसी ट्रेडर्स के सामने, खुर्सीपार चौक, थाना खुर्सीपार: आरोपी ने झपट्टा मारकर मोबाइल और जेवरात छीने। (थाना खुर्सीपार में अपराध पंजीबद्ध)
- डबरा पारा ओवरब्रिज के ऊपर, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार: आरोपी ने बैग छीना, जिसमें नकदी और दस्तावेज थे। (थाना खुर्सीपार में अपराध पंजीबद्ध)
- नेशनल हाईवे, थाना पुरानी भिलाई: नेशनल हाईवे पर झपटमारी कर मोबाइल छीना गया। (थाना पुरानी भिलाई में अपराध पंजीबद्ध)
- नंदनी रोड, थाना जामुल: नंदनी रोड पर बैग छीना गया, जिसमें सोने के जेवरात और नकदी थे। (थाना जामुल में अपराध पंजीबद्ध)
- पावर हाउस ओवरब्रिज, थाना छावनी: नेशनल हाईवे रोड पर पावर हाउस ओवरब्रिज के ऊपर बैग छीनकर भागा, जिसमें मोबाइल और नगदी थे। (थाना छावनी में अपराध पंजीबद्ध)
- चंद्र मौर्य टॉकीज के पास एवं ओवरब्रिज के ऊपर, थाना सुपेला: क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम देकर बैंक दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीने गए। (थाना सुपेला में दो अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध)
गिरफ्तार आरोपी का विवरण: लक्ष्मण राव, पिता एस. सीमांचल राव, आयु, 29 वर्ष, निवासी डी.एम.सी. तालाब, कुम्हारी, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)


जब्त सामग्री (बरामदगी/रिकवरी)
आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल एवं मोटर सायकल कुल कीमती ₹3,60,000/- का मशरूका जप्त किया गया है।
विस्तृत विवरण: 1 नग मोटर सायकल (होंडा सीबी शाइन)— जिससे आरोपी घटना को अंजाम देता था।
1 नग सोने का सिक्का (5 ग्राम)
1 नग सोने का मंगलसूत्र (टूटा हुआ)
4 नग मोबाइल (एक Redmi कंपनी का व दूसरा iQOO कंपनी का सहित अन्य)
2 नग बड़ा पर्स/बैग
नगदी रकम ₹1,300/-
पहचान पत्र व दस्तावेज (राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आर.सी. कार्ड, मेडिकल कार्ड)
विभिन्न बैंकों के एटीएम / डेबिट कार्ड (SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, ICICI बैंक, IDBI बैंक सहित अन्य)
2 नग बैंक पासबुक (SBI बैंक)
1 नग चेक बुक
1 नग डायरी



