BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

ACP अमित तुकाराम कांबले ने थाना उरला एवं थाना पंडरी के ई-मालखाना प्रणाली का किया शुभारंभ

रायपुर। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में पुलिसिंग को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज उत्तर जोन अंतर्गत थाना पंडरी एवं थाना उरला में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। दोनों थानों में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रायपुर अमित तुकाराम कांबले, के करकमलों से किया गया।पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में उत्तर जोन के थानों में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक तकनीक आधारित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से अपराधों एवं अन्य प्रकरणों में जप्त किए गए माल-मशरूका का डिजिटल रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। जप्त माल की प्रविष्टि से लेकर उसके सुरक्षित रख-रखाव, आवक-जावक, संबंधित प्रकरण से लिंकिंग तथा न्यायालयीन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज रहेगी।

इस डिजिटल व्यवस्था से जप्त माल की प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर किसी भी प्रकरण से संबंधित जप्त माल की स्थिति, विवरण एवं उसके रख-रखाव से जुड़ी जानकारी शीघ्रता से प्राप्त की जा सकेगी। इससे मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ मानवीय त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।

ई-मालखाना प्रणाली के लागू होने से जप्त संपत्ति की चेन ऑफ कस्टडी और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जप्त माल के न्यायालय में प्रस्तुतिकरण एवं निस्तारण की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित एवं जवाबदेह बनेगी। डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से जप्त माल के प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया पर बेहतर निगरानी भी संभव होगी।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा चरणबद्ध रूप से विभिन्न थानों में ई-मालखाना प्रणाली लागू की जा रही है। थाना पंडरी एवं थाना उरला में इसकी शुरुआत इसी क्रम में की गई है। इसका उद्देश्य तकनीक के बेहतर उपयोग के माध्यम से जप्त माल के सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं पारदर्शी प्रबंधन के साथ पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना है।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन आदित्य पांडे, सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर, सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक परेश पांडे, थाना प्रभारी उरला निरीक्षक रोहित मालेकर सहित थाना पंडरी एवं थाना उरला के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Posts