रायपुर। नवा रायपुर की सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंट करना और अश्लील वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। महिला मित्र के साथ बाइक पर स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार युवक सड़क पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए लापरवाहीपूर्वक स्टंट कर रहा था। इस दौरान बाइक पर महिला मित्र भी सवार थी। वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवक की पहचान कर पुलिस ने उसे पकड़ा।
पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई की और भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना न केवल खुद की बल्कि अन्य राहगीरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
थाना राखी के अपराध क्रमांक 154/2026 में दिनांक 28/07/26 को इंस्टाग्राम के विभिन्न न्यूज चैनल में वायरल वीडियो का तत्काल तस्दीक कर वायरल वीडियो के मोटर सायकल चालक भीमेश देवांगन पिता गोपाल देवांगो उम्र 24 साल सकिन मठपुरैना थाना टिकरापारा के ऊपर अश्लीलता फैलाने, लापरवाही से ड्राइविंग में बीएनएस और एमवी एक्ट की कार्यवाही किया गया साथ वीडियो सूट करने वाले युवक पर भी कार्यवाही हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट से बचें। ऐसी गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

























