भिलाई 03। पुरानी भिलाई थाना नवपदस्थ थाना प्रभारी विजय यादव ने सोमवार को थाना परिसर में स्थित भगवान भोलेनाथ और हनुमान जी की विधिवत दर्शन-पूजन कर क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और जनकल्याण की कामना की करते हुए थाना पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव ने थाना परिसर का निरीक्षण किया तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रत्येक पुलिसकर्मी से परिचय प्राप्त कर उनकी जिम्मेदारियों और कार्यों की जानकारी ली। साथ ही सभी को अनुशासन, समयबद्धता और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण उनकी प्राथमिकता होगी। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर जनविश्वास को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक के दौरान उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करने, नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर थाना स्टाफ ने नए थाना प्रभारी का स्वागत करते हुए उन्हें अपने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी ने भी टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।




















