भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने शहर में नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता का जायजा लेने के उद्देश्य से जोन-05 सेक्टर-06, जोन-03 मदर टेरेसा नगर तथा जोन-02 वैशाली नगर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, उद्यानों तथा बायोरेमेडिएशन कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने श्रीराम चौक की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वार्ड क्रमांक 69 हुडको स्थित शहीद स्मारक गार्डन का निरीक्षण कर उद्यान की साफ-सफाई, हरियाली और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 67 में निरीक्षण कर नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पानी की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर जल गुणवत्ता परीक्षण कराने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने जोन-03 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 36 टाटा लाइन गार्डन का निरीक्षण कर उद्यान की साफ-सफाई एवं रखरखाव की समीक्षा की। वहीं वार्ड क्रमांक 28 में पेयजल की शुद्धता की जांच की गई। निरीक्षण के अंतिम चरण में आयुक्त ने जामुल स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में बायोरेमेडिएशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति, अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रिया तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कार्य संचालन की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

























