दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

16 नवंबर को कला मंदिर ऑडिटोरियम में मनाया जाएगा जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

दुर्ग।  जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने जिले में 16 नवंबर को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। कार्यक्रम महात्मा गांधी कला मंदिर ऑडिटोरियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह को सम्पूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अविनाश श्रीवास को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल अधिकारी को अतिथियों के आमंत्रण, अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग/धमधा/पाटन/भिलाई-3 को स्थानीय जनजाति वर्ग के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके वशंजो की सूची उपलब्ध करना और अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र वितरण, लोक निर्माण विभाग को बैठक व्यवस्था, मंच सज्जा एवं आवश्यक सुविधाओं की जिम्मेदारी दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था के साथ जिला स्तर, विकासखण्ड स्तर, प्रयास विद्यालय, विज्ञान विकास केन्द्र एवं छात्रावासों/प्रमुख स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य एवं सिकलसेल जांच शिविर आयोजित करना और अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरण करेगा।

आदिवासी विकास विभाग द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनजातीय प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने, छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों में साफ सफाई, वृक्षारोपण एवं चित्रकला और जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाएगी। उद्यानिकी विभाग बुके एवं फूल माला की व्यवस्था, परिवहन विभाग बस/वाहन की ईंधन की व्यवस्था, शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिभावान बच्चों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, निबंध लेखन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा जनपद पंचायतों को जनजातीय समाज के हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने, आवास योजनाओं के प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग अतिथियों को स्मृति चिन्ह/मोमेन्टो की व्यवस्था, कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं जनजातीय समुदाय के प्रमुखों को आमंत्रण एवं किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा सफलता की कहानी एवं बेस्ट प्रैक्टिसेस का प्रदर्शन खाद्य विभाग द्वारा लगभग 600 व्यक्तियों के लिए भोजन पैकेट एवं पानी की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं, श्रम विभाग द्वारा जनजातीय हितग्राहियों को श्रम कार्ड तथा जनसंपर्क अधिकारी प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button