छत्तीसगढ़फीचर्ड

IG डॉ. आनंद छाबड़ा ने रेंज के 05 जिलों के कार्यों की समीक्षा की, गुण्डा-बदमाशों एवं निगरानी बदमाशों पर नियमित निगाह रखने के लिये दिये गये निर्देश

बिलासपुर। दिनांक 07.08.2023 को डॉ० आनंद छाबड़ा, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर द्वारा रेंज अंतर्गत जिला बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली गई, जिसमें आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिलों में होने वाले व्ही.व्ही.आई.पी./व्ही.आई.पी. के प्रवास के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने सहित जिले में लंबित महिला व बच्चों संबंधी लंबित अपराधों, लघु अधिनियम व प्रतिबंधक कार्यवाही, समंस-वारंट की तामीली, निगरानी और गुण्डा-बदमाश आदि विषयों की समीक्षा की गई तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिलों में की गई लघु अधिनियम व प्रतिबंधक कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त कार्यवाही किये जाने सहित लंबित गैर जमानती और स्थायी वारंटों की तामीली अभियान चलाकर किये जाने निर्देशित किया गया। जिलों में समंस/वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित कराने, आदतन अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों को चिन्हांकित कर उन पर प्रभावी कार्यवाही किये जाने एवं उनकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने निर्देश दिये गये।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस की क्षेत्र में प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम जनजीवन को प्रभावित करने वाले तत्वों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही किये जाने निर्देशित किया गया। महिला, बच्चों एवं कमजोर वर्ग के मामलों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्यवाही किये जाने तथा आम जनता की रिपोर्ट और शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही किये जाने सहित लंबित अपराधों की समीक्षा की जाकर समयबद्ध निराकरण किये जाने निर्देशित किया गया।

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ सीमा से लगे दीगर राज्य के जिलों के साथ भी अपराधियों व असामाजिक तत्वों की जानकारी साझा करते हुए आपसी समन्वय कर कार्यवाहियां करते हुए अवैधानिक कार्यों पर अंकुश लगाये जाने निर्देशित किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा विजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मुंगेली चंद्रमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही योगेश कुमार पटेल एवं अति.पुलिस अधीक्षक कोरबा अभिषेक वर्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button