छत्तीसगढ़फीचर्ड

93.60 लाख रुपये के गबन मामले में ACB ने SBI बैंक के तात्कालीन मुख्य प्रबंधक को दुमका से किया गिरफ्तार

रायपुर। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय, कोरबा के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय, रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में दिनांक 01.06.2018 से 01.08.2019 तक मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ रहे सुनील कुमार झा ने बैंक के खातों से ₹93,60,797 अवैधानिक रूप से अपनी पत्नी श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, वाहन चालक के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए।

शिकायत के अनुसार, इस प्रकार उन्होंने एक बैंकर के रूप में आपराधिक न्यास भंग कर बैंक को ₹93,60,797 की हानि पहुँचाई। इस पर ब्यूरो में आरोपी सुनील कुमार झा के विरुद्ध धारा 409 भा.द.वि. के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान संकलित दस्तावेजों एवं साक्ष्यों से पाया गया कि लोकसेवक आरोपी सुनील कुमार झा भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। बैंक के अधिकारी के रूप में बैंक के हितों की रक्षा तथा बैंक के खाताधारकों और स्वयं बैंक के खातों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी।

विवेचना में पाया गया कि उन्होंने बिना किसी विधिक अधिकार के बैंक के खातों से ₹93,60,797 की राशि अपने परिवार के सदस्यों एवं परिचितों के खातों में स्थानांतरित की। इस प्रकार एक बैंकर के रूप में बैंक के साथ धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यास भंग किया गया, जिससे भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा को ₹93,60,797 की हानि हुई।

प्रकरण की विवेचना में भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा के खाता क्रमांक 97893028199 (बैंक का टर्म लोन ब्याज खाता), खाता क्रमांक 98533028193 (सिस्टम सस्पेंस खाता) और खाता क्रमांक 98381028194 (डिस्काउंट खाता सीएन्डआई) के स्टेटमेंट जब्त किए गए। इसके साथ ही सुनील कुमार झा की पत्नी श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य लोन खाताधारकों के खातों के स्टेटमेंट भी जब्त किए गए।

शाखा से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर तथा डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए। इन वाउचरों के माध्यम से उक्त बीजीएल खातों से राशि अवैधानिक रूप से डेबिट कर श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर तथा अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की गई थी। उक्त वाउचर आरोपी सुनील कुमार झा ने तैयार किए थे। इस आधार पर विवेचना के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)ए, 13(2) तथा भा.द.वि. की धारा 420, 467, 468 एवं 471 प्रकरण में जोड़ी गईं।

प्रकरण में संकलित साक्ष्यों से आरोपी लोकसेवक सुनील कुमार झा, पिता अशोक कुमार झा, उम्र 35 वर्ष, तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बाल्को, जिला कोरबा, निवासी हनुमान मंदिर के सामने, राखाबानी, रसीकपुर, दुमका (झारखंड) के विरुद्ध उक्त धाराओं के तहत अपराध के साक्ष्य पाए गए।

एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी सुनील कुमार झा को दुमका, झारखंड स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका के न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद उसे कोरबा के संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ न्यायालय ने पुलिस रिमांड मंजूर किया। प्रकरण की विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button