
साइप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने दिवाली के अवसर पर करीब ढाई मिनट का एक वीडियो जारी कर अमारा को दुनिया के सामने पेश किया। इस वीडियो में डिजिटल अवतार खुद अपना परिचय देती है और भारत-साइप्रस के रिश्तों को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका बताती है…





नईदिल्ली (ए)। भारत अब डिजिटल कूटनीति के जरिए विदेशों में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने अपना पहला AI डिजिटल अवतार अमारा लॉन्च किया है। वहीं दिवाली के मौके पर शुरू की गई यह पहल विदेशों में रहने वाले भारतीयों और स्थानीय नागरिकों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने में मदद करेगी। वहीं इसकी खास बात यह है कि अमारा हिंदी, अंग्रेजी और ग्रीक तीन भाषाओं में संवाद कर सकेगी। इसे भारतीय उच्चायोग के डिजिटल फेस के रूप में पेश किया गया है।

साइप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने दिवाली के अवसर पर करीब ढाई मिनट का एक वीडियो जारी कर अमारा को दुनिया के सामने पेश किया। इस वीडियो में डिजिटल अवतार खुद अपना परिचय देती है और भारत-साइप्रस के रिश्तों को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका बताती है। भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा, “अमारा डिजिटल कूटनीति और जनसंपर्क के क्षेत्र में एक नई पहल है। इसके माध्यम से उच्चायोग अपनी गतिविधियों, भारत से जुड़ी जानकारियों और सामुदायिक पहलों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगा।


अमारा की खासियत इसका बहुभाषी संवाद है। यह हिंदी, अंग्रेजी और ग्रीक भाषा में लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार की गई है। इससे साइप्रस में रहने वाले भारतीयों के साथ-साथ वहां के स्थानीय नागरिकों को भी उच्चायोग से जुड़ी जानकारी समझने में आसानी हो सकती है। वहीं वीडियो संदेश में अमारा कहती है, “मेरा वजूद महज तकनीक नहीं बल्कि मानवीय संबंधों पर भी आधारित है। भारत-साइप्रस के रिश्ते जो काफी मजबूत हैं, अब मैं उनको और सुदृढ़ करने की कोशिश करूंगी।”
भारतीय उच्चायोग की इस डिजिटल पहल का एक प्रमुख उद्देश्य साइप्रस में रहने वाले प्रवासी भारतीयों, छात्रों, पेशेवरों और कामगारों तक जरूरी सेवाओं की जानकारी पहुंचाना है। अमारा डिजिटल मित्र के तौर पर वीजा, पासपोर्ट, कांसुलर सेवाओं और उच्चायोग की गतिविधियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
AI तकनीक का इस्तेमाल अब केवल कारोबार और रोजमर्रा के कामों तक सीमित नहीं है। भारत की यह पहल दिखाती है कि डिजिटल अवतार के जरिए विदेशों में रहने वाले समुदायों से संपर्क को भी आधुनिक बनाया जा सकता है। लेकिन अमारा किन सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल रूप से उपलब्ध करा सकेगी इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



