खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

इस्राइल के लिए एयर इंडिया ने उड़ान सेवाएं की बर्खास्त, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते फैसला

पश्चिम एशिया में तनाव के माहौल को देखते हुए भारतीय एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया ने भारत और इस्राइल की राजधानी तेल अवीव के बीच संचालित होने वाली उड़ान सेवाओं को बर्खास्त करने का फैसला किया है…

नईदिल्ली (ए)। हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानिया की ईरान में हत्या के बाद से पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। ईरान ने हानिया की मौत का बदला लेने के लिए इस्राइल पर हमले की धमकी दी है। इस्राइल हाई अलर्ट पर है। ऐसे हालात को देखते हुए भारतीय एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया ने भारत और इस्राइल की राजधानी तेल अवीव के बीच संचालित होने वाली उड़ान सेवाओं को बर्खास्त करने का फैसला किया है।

एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर बताया कि ‘पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए हमने तेल अवीव के लिए प्रस्तावित संचालन को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने का फैसला किया है। तेल अवीव से यहां आने वाली और यहां से तेल अवीव जाने वाली विमानन सेवाएं फिलहाल 8 अगस्त 2024 तक बर्खास्त की गई हैं। हम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।’ एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘इस अवधि के दौरान जिन यात्रियों ने अपने टिकट बुक किए हुए हैं, उन्हें दोबारा टिकट बुक कराने पर एक बार छूट और कैंसिलेशन चार्ज से राहत दी जाएगी। अपने यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। अधिक जानकारी के लिए हमें 011-69329333 / 011-69329999 कॉल कर सकते हैं।’

गौरतलब है कि बुधवार को ईरान में हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानिया की हत्या हो गई थी। हमास ने इसका आरोप इस्राइल पर लगाया। वहीं ईरान ने भी इस्राइल को हमले की धमकी दी। इसके जवाब में इस्राइल ने भी ईरान को कड़ा जवाब देने की बात कही है। इस्माइल हानिया की मौत से एक दिन पहले ही लेबनान के बेरूत में भी इस्राइल के हमले में हिजबुल्ला के शीर्ष कमांडर की मौत हो गई थी। जिस पर हिजबुल्ला ने भी इस्राइल को बदला लेने की धमकी दी है। हिजबुल्ला ने तो इस्राइल पर रॉकेट से हमले शुरू भी कर दिए हैं।

इस्राइल हमास युद्ध की वजह से पहले से ही पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है, लेकिन अब ताजा घटनाक्रम से तनाव चरम पर पहुंच गया है और आशंका जताई जा रही है कि इस्राइल हमास युद्ध अब पूरे पश्चिम एशिया में फैल सकता है। अमेरिका ने भी एलान किया है कि अगर ईरान ने इस्राइल पर हमला किया तो वह इस्राइल की रक्षा के लिए हरसंभव मदद देगा। यही वजह है कि एयर इंडिया ने फिलहाल एहतियातन तेल अवीव के लिए उड़ान सेवाएं बर्खास्त करने का फैसला किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button