नारायणपुर। राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत रोबिनसन गुड़िया के स्थानांतरण उपरांत संदीप पटेल ने नारायणपुर जिले के 24वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल उन्मूलन अभियान, अपराध नियंत्रण एवं जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा एवं आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस विभाग पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पदभार ग्रहण के दौरान नारायणपुर पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

















